विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऊना-कांगड़ा सीमा पर रिजर्व फॉरेस्ट में तड़के कुल्हाड़ी चलाते पकड़ा 'पुष्पा', काटकर नदी में फेंक रहे थे पेड़

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 10 Mar 2026 12:51 PM (GMT+05:30)Updated: Tue, 10 Mar 2026 01:01 PM (GMT+05:30)

ऊना में वन विभाग ने तड़के कार्रवाई करते हुए अंब टीला के आरक्षित जंगल से खैर के पेड़ काटते हुए ...और पढ़ें

HighLights

  1. ऊना में वन विभाग ने अवैध खैर कटान पर की कार्रवाई।

  2. अंब टीला जंगल से दो आरोपी रंगेहाथ पकड़े गए।

  3. तीन खैर के पेड़ काटे गए, 16 मोछे बरामद हुए।

संजीव ठाकुर, भरवाईं (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में वन विभाग की टीम ने माफिया पर तड़के ही कार्रवाई की है। वन विभाग भरवाईं की टीम ने मंगलवार तड़के 4 बजे के करीब अंब टीला के रिजर्व जंगल में दो वन काटुओं को रंगेहाथ पकड़ लिया, जबकि कुछ भाग निकले। ये लोग अवैध रूप से खैर काट रहे थे। वन विभाग ने इसकी शिकायत नजदीकी अंब थाने में भी कर दी है। 

वन विभाग की टीम ने सुबह ही लगाए थे नाके

प्राप्त सूचना के अनुसार भरवाईं वन विभाग की टीम ने वन खंड अधिकारी ऊषा देवी और वन खंड अधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में अलग अलग जगह पर नाके लगाए हुए थे। 

पेड़ काटकर नदी में फेंक रहे थे वन काटु

वन विभाग की टीम जब अंब टीला सड़क से गुजरी तो नीचे रिजर्व जंगल में पेड़ गिरने की आवाज सुनाई दी। टीम ने धीरे से उस जगह को घेरते हुए पास जाकर देखा तो कुछ लोग पहाड़ी से खैर को काटकर उसके मोछें नीचे खड्ड में फेंक रहे थे। 

टीम ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को पकड़ लिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ लोग मौके से भाग भी गए। 

वन परिक्षेत्र अधिकारी मौके पर पहुंचे

वहीं टीम ने इसकी सूचना वन परिक्षेत्र अधिकारी भरवाईं पूर्ण राम को दी, जो वन रक्षक साहिल बनयाल और वन रक्षक नरेंद्र पटियाल के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि प्रारंभिक जांच में खैर के तीन पेड़ कटे हुए मिले हैं, जिसके 16 मोछे बरामद हुए हैं। 

व्यक्ति बोला, ठेकेदार के कहने पर काटा पेड़

पकड़े गए व्यक्ति ने बताया है कि उसको यह पेड़ काटने के लिए ठेकेदार ने कहा था, जिसने देहरा रेंज में कहीं खैरों के कटान का ठेका ले रखा है। बतातें चले कि अंब टीला के साथ कांगड़ा जिले की सीमा लगती है। 

वन विभाग ने इसकी सूचना नजदीक अंब थाना में दे दी है, जिसके बाद पुलिस आरोपितों को अपने साथ ले गई है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल पुलिस की नई व्यवस्था, 20 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी पर ही साइबर थाना में FIR होगी; क्यों किया गया बदलाव?