विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के ऊना में बल्क ड्रग पार्क में मालवाहकों के लिए बनेंगे तीन यार्ड, सड़कों पर नहीं खड़े होंगे ट्रक

Published: Fri, 11 Sep 2026 04:10 PM (IST)

ऊना के हरोली स्थित बल्क ड्रग पार्क में मालवाहकों के लिए तीन यार्ड बनाए जाएंगे, जिससे सड़कों पर ट्रकों की पार्किंग से होने वाली समस्या खत्म होगी।

हिमाचल के ऊना में बल्क ड्रग पार्क में मालवाहकों के लिए बनेंगे तीन यार्ड (फाइल फोटो)

हिमाचल के ऊना में बल्क ड्रग पार्क में मालवाहकों के लिए बनेंगे तीन यार्ड (फाइल फोटो)

HighLights

  1. बल्क ड्रग पार्क में मालवाहकों के लिए तीन यार्ड प्रस्तावित।

  2. सड़कों पर ट्रकों की पार्किंग से मिलेगी निजात।

  3. वाहनों के ठहराव और सर्विस की सुविधा होगी।

सुरेश बसन, ऊना। हरोली के पोलियां बीत क्षेत्र में प्रस्तावित महत्वाकांक्षी दो हजार करोड़ की लागत से निर्माणाधीन बल्क ड्रग पार्क में भूमि समतलीकरण और पेड़ कटान की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है।

बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट के धरातल पर उतरने के साथ यहां कच्चे माल की आवाजाही और तैयार उत्पादों को विभिन्न स्थानों तक पहुंचाने के लिए परिवहन व्यवस्था भी अहम भूमिका निभाएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए उद्योग विभाग ने बल्क ड्रग पार्क के भीतर ही मालवाहकों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

औद्योगिक क्षेत्रों में अकसर सड़कों के किनारे ट्रकों और अन्य मालवाहकों की पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। लेकिन पोलियां बीत में प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क में ऐसी स्थिति से बचने के लिए साइट के अंदर ही ट्रकों के ठहराव और पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।

इसके लिए उद्योग विभाग की ओर से करीब एक लाख वर्ग मीटर या इससे अधिक क्षेत्र चिन्हित किया गया है। इस क्षेत्र में मालवाहकों के लिए तीन यार्ड विकसित करने की योजना है। भविष्य में जरूरत बढ़ने पर इन यार्ड की क्षमता और संख्या में विस्तार का भी प्रावधान रखा गया है।

बल्क ड्रग पार्क में स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाइयों से कच्चे माल और तैयार उत्पादों की बड़ी मात्रा में आवाजाही होने की संभावना है। ऐसे में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रकों और अन्य मालवाहकों के पार्क में आने की उम्मीद है।

इन वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करने के बजाय पार्क के भीतर ही निर्धारित स्थान उपलब्ध करवाने से यातायात व्यवस्था सुचारू रखने में मदद मिलेगी। यार्ड में केवल वाहनों के ठहराव की व्यवस्था ही नहीं होगी, बल्कि मालवाहकों की जरूरत के मुताबिक सर्विस और अन्य जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

इससे वाहन चालकों को भी पार्क के भीतर ही सुविधाजनक और सुरक्षित ठहराव मिल सकेगा। इससे चालकों को सड़क किनारे या आसपास के क्षेत्रों में वाहन खड़ा कर रात बिताने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

उद्योग विभाग ने इस पूरी व्यवस्था को दस्तावेजी प्रक्रिया में शामिल कर लिया है और आगामी समय में इसके निर्माण की गतिविधियां धरातल पर दिखाई देने की संभावना है।

विभाग का उद्देश्य बल्क ड्रग पार्क के संचालन के साथ परिवहन से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित रूप से विकसित करना है, ताकि औद्योगिक गतिविधियों के बढ़ने के साथ यातायात पर अनावश्यक दबाव न पड़े।

उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक अंशुल धीमान ने बताया कि बल्क ड्रग पार्क के भीतर मालवाहकों के लिए करीब तीन यार्ड बनाए जाएंगे। इससे जुड़े ट्रक और अन्य मालवाहक सड़क के बजाय साइट के अंदर ही पार्क हो सकेंगे। इसके लिए प्रक्रिया लगातार जारी है।