विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

थानाकलां में महिलाओं को मिला रोजगार का बड़ा मंच, घर-द्वार प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बन रहीं ग्रामीण महिलाएं

Published: Wed, 09 Sep 2026 11:19 AM (IST)

थानाकलां स्थित ग्रामीण आजीविका मिशन केंद्र महिलाओं को घर के पास ही आधुनिक कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बना रहा है।

हैदराबाद के एक्सपर्ट्स दे रहे ग्रामीण महिलाओं को ट्रेनिंग।

हैदराबाद के एक्सपर्ट्स दे रहे ग्रामीण महिलाओं को ट्रेनिंग।


HighLights

  1. थानाकलां केंद्र ग्रामीण महिलाओं को दे रहा आधुनिक कौशल प्रशिक्षण

  2. खाद्य प्रसंस्करण, रिटेल सेल्स जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रम उपलब्ध

  3. महिलाओं को घर-द्वार पर मिल रहा स्वरोजगार का अवसर

जागरण संवाददाता, बंगाणा। ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में थानाकलां स्थित ग्रामीण आजीविका मिशन केंद्र नई मिसाल कायम कर रहा है।

यहां महिलाओं को अब प्रशिक्षण के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा, बल्कि आधुनिक कौशल विकास की सुविधा उन्हें घर-द्वार के नजदीक ही उपलब्ध हो रही है। इससे महिलाओं के समय और आने-जाने के खर्च की बचत के साथ उनके भीतर स्वरोजगार को लेकर नई उम्मीद जगी है।

थानाकलां स्थित केंद्र में एम3एम फाउंडेशन की आईएमपावर अकादमी फॉर स्किल्स के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं।

महिलाओं को अचार, मुरब्बा, जैम, जेली, स्क्वैश और सॉस सहित विभिन्न खाद्य उत्पाद तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विशेष रूप से हैदराबाद से विशेषज्ञ प्रशिक्षकों को बुलाकर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आधुनिक खाद्य प्रसंस्करण तकनीक, स्वच्छता, गुणवत्ता, पैकेजिंग और उत्पाद तैयार करने की उन्नत विधियों की जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण में केवल उत्पाद बनाना ही नहीं, बल्कि लागत निर्धारण, ब्रांडिंग, उत्पाद विकास और छोटे स्तर पर व्यवसाय शुरू करने की जानकारी भी दी जा रही है। इससे महिलाएं अपने घर या गांव में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर आय का साधन विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं।

प्रशिक्षण केंद्र में युवाओं के लिए भी रिटेल सेल्स, कंप्यूटर ऑपरेटर, हॉस्पिटैलिटी एवं फूड एंड बेवरेज सर्विसेज तथा सिलाई मशीन ऑपरेटर जैसे रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

प्रशिक्षण के दौरान व्यावहारिक कौशल, संचार क्षमता, व्यक्तित्व विकास और साक्षात्कार की तैयारी पर भी ध्यान दिया जा रहा है। नौकरी के इच्छुक युवाओं को प्लेसमेंट सहायता तथा स्वरोजगार शुरू करने वालों को उद्यमिता संबंधी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

खंड विकास अधिकारी बंगाणा के. एल. वर्मा ने कहा कि थानाकलां का आजीविका मिशन केंद्र ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को स्थानीय स्तर पर आधुनिक कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रशिक्षण के साथ उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि कौशल को स्थायी आय के साधन में बदला जा सके।

यह भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश: कुल्लू में बिना बारिश दरका पहाड़: 200 मीटर सड़क का मिट गया नामोनिशान