विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऊना में श्रद्धालुओं से भरा ट्राला पलटा, एक बच्ची की मौत और 52 घायल; मची चीख-पुकार

Published: Tue, 25 Aug 2026 07:46 PM (IST)

ऊना में पीरनिगाह से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा 14 टायरी मालवाहक ट्राला खाई में गिर गया। हादसे में 11 ...और पढ़ें

पीरनिगाह से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा ट्राला पलटा।

पीरनिगाह से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा ट्राला पलटा।

HighLights

  1. पीरनिगाह से लौटते श्रद्धालुओं का ट्राला खाई में गिरा

  2. हादसे में 11 वर्षीय बच्ची की दुखद मौत हुई

  3. कुल 52 श्रद्धालु घायल, चार पीजीआई चंडीगढ़ रेफर

संवाद सहयोगी, ऊना। हरियाणा करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र से धार्मिक यात्रा पर निकला 14 टायरी मालवाहक ट्राला मंगलवार सुबह पीरनिगाह धार्मिक स्थल से रवाना होने के कुछ ही मिनट बाद हादसे का शिकार हो गया। प्रारंभिक पूछताछ में प्रेशर सिलिंडर के कार्य बंद होने से स्टीयरिंग का काम बंद करना सामने आया है।

इससे ट्रक तीखे मोड़ पर मुड़ नहीं पाया और 25 फुट गहरी खाई में जा गिरा। ट्रक में अस्थायी रूप से दो मंजिला ढांचा बनाकर करीब 60 श्रद्धालुओं को बैठाया गया था। हादसे में 52 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।

79339016इनमें से 11 वर्षीय पायल पुत्री नरेश कुमार की मौत हो गई जबकि 58 वर्षीय राकेश कुमार पुत्र रामलाल, 27 वर्षीय नीतू पत्नी रजत सभी निवासी इंद्री करनाल हरियाणा व 18 वर्षीय जयदीप पुत्र कश्मीरी लाल निवासी पटियाली पंजाब अभी पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन है। पुलिस ने चालक रजत के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व रविवार को करनाल के इंद्री से आपस में रिश्तेदार श्रद्धालुओं का जत्था उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह मंदिर में माथा टेकेन पहुंचा था। यहां लंगर आदि लगाने के बाद मंगलवार सुबह आठ बजे के आसपास मां नैना देवी और श्री आनंदपुर साहिब में माथा टेकने के लिए ट्राला में निकला, अभी पीर निगाह से दो किलोमीटर दूरी पर बसोली के नजदीक पहुंचे थे कि उतराई स्थित तीखे मोड़ पर मालवाहक रजत ट्राला पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क के साथ लगती 25 फुट गहरी खाई में जा गिरा।

79338842

गनीमत रही कि मालवाहक की छत्त पर डाली गई तिरपाल से लोगों के गिरने का बचाव हुआ। ट्रक पलटते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर बिखरा सामान, टूटे हुए तख्ते और खून के निशान हादसे की भयावहता बयान कर रहे थे। स्थानीय लोगों, राहगीरों और अन्य श्रद्धालुओं ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। निजी एवं 108 एम्बुलेंस सहित वाहनों की मदद से घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया।

यहां पर घायलों की संख्या के आगे इमरजेंसी के बेड कम पड़ गए, मौके पर एमएस डा संजय मनकोटिया एवं चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ ने घायलों को साथ लगते मरीज कक्ष में शिफ्ट किया। सूचना मिलते ही तहसीलदार विपिन ठाकुर प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत कार्यों की निगरानी करते हुए सभी घायलों को तत्काल दो-दो हजार रुपये की फौरी राहत देने के निर्देश दिए।

79338792

अस्पताल प्रशासन के अनुसार 52 मरीजों में 16 को भर्ती किया गया, जबकि 36 का उपचार ओपीडी में किया गया। सर्जरी वार्ड में 13,आर्थो वार्ड में नौ तथा हाईटेक इमरजेंसी में 15 मरीजों का उपचार चला। करीब 18 घायलों के एक्स-रे किए गए। शाम तक कई घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी भी दे दी गई। बता दें कि यहां पूर्व में भी दर्जनों ऐसे मालवाहकों के हादसे हो चुके हैं।

घायलों की सूची

79338614

अधिकांश श्रद्धालु इंद्री, जिला करनाल (हरियाणा) के निवासी हैं। इनमें सुनीता, नंदलाल, अंशिका, रमेश, अरूशिका, मयंक, मनीषा, दिव्यांश, अजीत चंद, गोपाल, हर्ष, प्रदीप, आरव, अंजलि, नरेश, आशा, सुंदरी, रामप्यारी, लवण्या, दिव्या, ममता, सुनीता, महेंद्र, चंचला, सुनील, पूनम, पायल, कौशल्या, रेखा, राकेश कुमार, नैना, नीतू, गुंजन, शिवांशी, सतपाल, हर्षिता, लक्षिता, लक्षय, गौरव, समीर, वंश, शुभम, अनमोल, शंकर, बैरीचंद तथा जसवंत शामिल हैं। इसके अलावा संजय निवासी गोपाल कालोनी, पानीपत और जयदीप निवासी पटियाला,पंजाब भी घायलों में शामिल हैं। एसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि चालक रजत निवासी इंद्री करनाल हरियाणा के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

जिले में पहले भी हो चुके हैं मालवाहकों के बड़े हादसे

09 अगस्त 2026 को टैक्टर ट्राली पलटने से सात घायल
19 जून 2026 पीर निगाह में टेंपों पलटा, 11 घायल
30 मार्च 2026 बंगाणा के हरियाली क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्राली पलटने से 10 घायल, एक पीजीआई रेफर
13 जून 2025 खाई में पिकअप गिरी, एक की मौत, 29 श्रद्धालु घायल
19 अप्रैल 2024 ऊना के समूर खुर्द में पलटी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, 19 घायल
आठ अगस्त 2024 को ट्रैक्टर ट्राली पलटने से 25 श्रद्धालु घायल
24 मार्च 2023 को बीहड़ू में श्रद्धालुओं से भरा टेंपो ब्रेक फेल होने से पहाड़ी से टकराया, करीब 12 घायल
10 अप्रैल 2022 को घालुवाल में मालवाहक छोटा टेंपो पलट गया, इसमें 15 श्रद्धालु घायल हुए
27 जुलाई 2017 को बीहड़ू में टेंपों ब्रेक फेल से हादसाग्रस्त होने पर 31 श्रद्धालु घायल