विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के ऊना में दर्दनाक हादसा, मकानों के ऊपर गिरा मिट्टी से भरा टिप्पर; मां-बेटी की मौत 

Published: Sun, 04 Oct 2026 09:58 PM (IST)

ऊना के हरोली क्षेत्र के बाथड़ी में एक दर्दनाक टिप्पर हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। अनियंत्रित मिट्टी से ...और पढ़ें

हिमाचल के ऊना में मां-बेटी की मौत। सांकेतिक फोटो

हिमाचल के ऊना में मां-बेटी की मौत। सांकेतिक फोटो 

HighLights

  1. ऊना के बाथड़ी में टिप्पर हादसे में मां-बेटी की दर्दनाक मौत।

  2. मिट्टी से भरा अनियंत्रित टिप्पर मकानों पर गिरा, तीन क्षतिग्रस्त।

  3. स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा पर सवाल उठाए।

जागरण संवाददाता, ऊना। जिले के हरोली क्षेत्र के बाथड़ी में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में मां और बेटी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मिट्टी से भरा एक टिप्पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकानों के ऊपर जा गिरा। बताया जा रहा है कि हादसा क्रशर से महज करीब 50 मीटर की दूरी पर हुआ।

टिप्पर के सड़क से नीचे गिरने के बाद उसकी चपेट में आने से करीब तीन मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के समय मकानों के भीतर मौजूद मां और बेटी मलबे के नीचे दब गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस तथा प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया, लेकिन दोनों को बाहर निकालने तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टिप्पर में मिट्टी भरी हुई थी और वह क्रशर क्षेत्र से होकर गुजर रहा था। हादसे में तीन मकानों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। दुर्घटना के कारणों का अभी पूरी तरह पता नहीं चल पाया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद क्रशर क्षेत्र से भारी वाहनों की आवाजाही, सड़क की स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि रिहायशी मकानों के इतने नजदीक भारी वाहनों की आवाजाही गंभीर खतरा पैदा कर रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से भी घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा हादसे के वास्तविक कारणों और टिप्पर चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।