सांपों ने तीन लोगों को काटा, अस्पताल में भर्ती
जिले में अलग-अलग स्थानों पर जहरीले सांपों ने 17 वर्षीय किशोरी सहित तीन लोगों को काट लिया।
संवाद सहयोगी, ऊना : जिले में अलग-अलग स्थानों पर जहरीले सांपों ने 17 वर्षीय किशोरी सहित तीन लोगों को डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया है।
पहले मामले में पंजावर निवासी 35 वर्षीय हरबंस खेत में काम कर रहा था। इस दौरान सांप ने उसे डस लिया। इसके बाद उसका स्वास्थ्य बिगड़ने लगा। किसी तरह घर पहुंचकर उसने परिजनों को सांप के काटने के बारे में बताया। परिजनों ने उसे क्षत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे एंटी स्नेक वीनम का इंजेक्शन लगाने के बाद भर्ती कर लिया।
दूसरे मामले में 17 वर्षीय रजनी घर के समीप लकड़ियां लेने गई थी। इस दौरान सांप ने डस लिया। घर पहुंचकर उसने परिजनों को सांप के काटने के बारे में बताया। परिजनों ने तुरंत उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया।
तीसरे मामले में बंगाणा के तहत गांव रायपुर में सांप ने 37 वर्षीय सोनिका के पांव को डस लिया। परिजनों ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया है। एसएमओ डॉ. रामपाल शर्मा ने बताया तीनों के स्वास्थ्य में पहले से सुधार है।