ऊना के होटल में महिला से दुष्कर्म
महिला पुलिस थाना में एक महिला ने पंजाब के युवक पर उसका अश्लील एमएमएस बनाकर वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
जागरण संवाददाता, ऊना : महिला पुलिस थाना ऊना में मंगलवार को एक महिला ने पंजाब के एक युवक पर उसका अश्लील एमएमएस बनाकर वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला हमीरपुर की रहने वाली है और बद्दी में किसी उद्योग में नौकरी करती है। पुलिस ने जालंधर के विधिपुर गांव के मुनीष कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पीड़ित महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपित के साथ एक साल पहले दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों एक-दूसरे से मोबाइल फोन पर बातें करते रहे। युवक ने उसे बहाने से ऊना बुलाया और एक होटल में ले जाकर उससे दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपित ने अपने मोबाइल फोन से उसकी अश्लील तस्वीरें ली और वीडियो क्लिप भी बनाई। आरोपित उसे धमकी देता था कि अगर उसने किसी को बताया तो वह वीडियो क्लिप वायरल कर देगा। महिला के पति ने दोनों को मोबाइल फोन पर बात करते पकड़ लिया। इसके बाद महिला ने पूरी घटना पति को बताई। आरोपित ने महिला के मोबाइल फोन अश्लील एमएमएस भेजे थे, जो उसके पति ने देख लिए। इसके बाद पति ने गुस्से में आकर उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया। पुलिस ने महिला का मेडिकल करवा लिया है। मामले की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय अशोक वर्मा ने की है।