होशियार निवासी पर दुष्कर्म का केस दर्ज
उपमंडल अम्ब के तहत एक गांव की एक महिला ने कोर्ट के माध्यम से पुलिस थाना अम्ब में होशियारपुर पंजाब निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया है।
संवाद सहयोगी, अम्ब : उपमंडल अम्ब के तहत एक गांव की एक महिला ने कोर्ट के माध्यम से पुलिस थाना अम्ब में होशियारपुर पंजाब निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया है। महिला का आरोप है कि व्यक्ति ने उसके साथ धोखे से शादी करके उसका शारीरिक शोषण किया है।
पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला ने कोर्ट के माध्यम से पुलिस थाना अम्ब को दी तहरीर में कहा है कि उसके पति की मौत के बाद 2007 में आरोपित व्यक्ति ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया और शादी करने के बारे में कहने लगा। उसने उसे आश्वासन दिया कि वह उसके बच्चों की अच्छी परवरिश करेगा। महिला ने अपने बच्चों के भविष्य को देखते हुए आरोपित के साथ शादी करने का फैसला ले लिया।
इसके बाद आरोपित ने गांव व होशियारपुर में उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। महिला का कहना है कि जब 2016 में उसने उसके दस्तावेजों को देखा तो पाया कि आरोपित हिंदू नहीं है, बल्कि वह मुस्लिम समुदाय से संबंध रखता है। यहां तक कि आरोपित ने उसके नाबालिग बेटे का भी धर्म परिवर्तन करवा दिया। जब उसने बच्चे का धर्म परिवर्तन करने को लेकर उससे बात की तो आरोपित ने उसे पीटना शुरू कर दिया और मारने की धमकियां देने लगा। डीएसपी अम्ब अजय राणा का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज आकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।