कोई भी चुनाव लड़े, हम नहीं करेंगे हस्तक्षेप : धूमल
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने साफ किया कि लोकसभा चुनाव में किसको टिकट देनी है, किसकों नहीं, यह फैसला संगठन करेगा।
ऊना, जेएनएन। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने साफ किया कि लोकसभा चुनाव में किसको टिकट देनी है, किसकों नहीं, यह फैसला संगठन करेगा। इसमें उनका कोई हस्तक्षेप नहीं होगा। उन्होंने जोर देकर कहा संगठन के हर फैसले का स्वागत होगा और भाजपा की जीत ही उनका लक्ष्य होगी। कांगड़ा से वर्तमान सांसद शांता कुमार के चुनाव लड़ने की इच्छा के सवाल पर कहा इस बारे में संगठन हीं अंतिम फैसला लेगा।
ऊना में पत्रकार वार्ता में कहा भाजपा का पूरा ध्यान लोकसभा चुनाव पर है। प्रदेश की चारों सीटों में जीत दर्ज कर केंद्र में दोबारा सरकार बनाने में योगदान दिया जाएगा। सीटों में कौन से चेहरे होंगे, वह इसमें हस्तक्षेप नहीं करेंगे। कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है। कांग्रेस राफेल डील पर जनता को गुमराह कर रही है।
कांग्रेस की राजनीति स्वार्थ पर टिकी है। बारिश से निचले क्षेत्र में हुए फसल व अन्य नुकसान पर केंद्र सरकार की ओर से कम मदद मिलने के सवाल पर कहा यह फौरी राहत है। अब केंद्र की टीम नुकसान वाले क्षेत्रों का दौरा कर इसका आकलन करेगी, जिसके बाद अन्य राशि भी जारी होगी। कहा जयराम सरकार हर मुद्दे पर गंभीरता से काम कर रही है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, विधायक बलवीर चौधरी, पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा, रणधीर शर्मा मौजूद रहे।