कांग्रेस पार्टी गांधी परिवार की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी : कंवर
ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कांग्रेस में एक ही परिवार हीरा भी है और पन्ना भी।
जागरण संवाददाता, ऊना : ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कांग्रेस में एक ही परिवार हीरा भी है और पन्ना भी। कांग्रेस में पार्टी के कार्यकर्ता होते होंगे, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। भाजपा में कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान दिया जाता है। कार्यकर्ता अपनी मेहनत के बलबूते किसी भी पद तक पहुंच सकते हैं। जबकि कांग्रेस में एक ही परिवार के सदस्य उत्तराधिकारी होते हैं। नरेंद्र मोदी ने भी आम कार्यकर्ता से प्रधानमंत्री के पद तक का सफर तय किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी कार्यकर्ता से इस मुकाम तक पहुंचे हैं। जबकि कांग्रेस पार्टी गांधी परिवार की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है। भाजपा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन पर कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए कंवर ने कहा पार्टी के इस आयोजन से कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार हुआ है। ऊना में पन्ना प्रमुख सम्मेलन में रिकॉर्ड भीड़ उमड़ी और पार्टी के इसी जोश को देखकर कांग्रेस पार्टी के नेता बौखला गए हैं, इसीलिए वे अनाप-शनाप बयानबाजी पर उतर आए हैं। सम्मेलन की सफलता इस बात का संदेश है कि मोदी 2019 के चुनाव के बाद एक बार फिर प्रधानमंत्री बनेंगे। प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर भाजपा जीत का परचम लहराएगी।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी ही पार्टी और देश की जनता के बीच साख बनाने में नाकाम साबित हुए हैं। इसीलिए अब कांग्रेस ने प्रियंका गांधी की सक्रिय राजनीति में एंट्री करवाई है। प्रियंका का राजनीति में आने का फैसला कांग्रेस पार्टी का अंदरूनी मामला है लेकिन इससे लोकसभा चुनाव के नतीजों पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। प्रियंका को महासचिव बनाने का मतलब है कि कांग्रेस ने प्लान-बी को लागू करना शुरू कर दिया है। इससे यह बात साफ हो गई है कि राहुल गांधी देश की राजनीति में अपनी जगह बनाने में असफल साबित हुए हैं।