सुमित मौत मामले में भाजपा खामोश क्यों : रायजादा
विधायक सतपाल रायजादा ने विश्रामगृह ऊना में पत्रकारवार्ता कर दो मुद्दों पर प्रदेश सरकार सहित ऊना पुलिस प्रशासन को घेरा।
संवाद सहयोगी, ऊना : विधायक सतपाल रायजादा ने विश्रामगृह ऊना में पत्रकारवार्ता कर दो मुद्दों पर प्रदेश सरकार सहित ऊना पुलिस प्रशासन को घेरा। कहा रायपुर सहोड़ा के नरेश उर्फ सुमित के मौत मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली घेरे में है। युवक का शव 19 दिन बाद मिलता है। ऊना पुलिस कार्रवाई न कर मात्र परिवार से गाड़ियां मंगवा इधर-उधर घूमती रही। अब जब शव मिलने के बाद परिजनों ने चक्का जाम किया तो पुलिस पीड़ित परिवार सहित 19 लोगों पर केस दर्ज करती है। होना तो यह चाहिए था सुमित के लापता होने के बाद उसे ढूंढने की कोशिशें तेज करनी चाहिए थी। ऐसा किया होता तो शायद समित जिंदा होता। दूसरे मुद्दे पर मुख्यमंत्री भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के काम ही दुहाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि वे क्या भाजपा के ही मुख्यमंत्री हैं। प्रदेश की जनता के प्रति उनका कोई दायित्व नहीं है। उन्होंने सरकार व पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर सुमित मौत मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो जेल भरो आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर वरुण पुरी जिला प्रवक्ता, तिलकराज सैनी, ऊना शहरी इकाई अध्यक्ष सुलिंदर, अंकुश, निखिल सहोड़, मनी समेत अन्य मौजूद रहे।