विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जापान से वादा पूरा कर लौटे निषाद ने माता-पिता को पहनाए गोल्ड मेडल, हिमाचल के एंट्री प्वाइंट पर जोरदार स्वागत

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 28 Oct 2026 02:26 PM (IST)Updated: Wed, 28 Oct 2026 03:12 PM (IST)

पैरा एशियाई खेलों में ऊंची और लंबी कूद में दो स्वर्ण पदक जीतकर ऊना के निषाद कुमार घर लौटे। मैहतपुर और ऊना में उनका जोरदार स्वागत हुआ।

ऊना पहुंचने पर माता और पिता को गोल्ड मेडल पहनाते निषाद। जागरण

ऊना पहुंचने पर माता और पिता को गोल्ड मेडल पहनाते निषाद। जागरण

HighLights

  1. निषाद कुमार ने पैरा एशियाई खेलों में दो स्वर्ण पदक जीते।

  2. घर लौटने पर ऊना में उनका भव्य स्वागत किया गया।

  3. उन्होंने अपने माता-पिता को पदक पहनाकर सम्मान दिया।

सुरेश बसन, ऊना। पैरा एशियाई खेलों में ऊंची और लंबी कूद में दो स्वर्ण पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश में जिला ऊना के अंब क्षेत्र के गांव बदाऊं के निषाद कुमार घर लौटे तो परिवार और खेल प्रेमियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मैहतपुर प्रवेशद्वार पर ढोल-नगाड़ों के बीच उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने भंगड़ा डालकर बेटे की उपलब्धि का जश्न मनाया।

मां ने बेटे को गले लगाकर खुशी के आंसू बहाए तो पिता रछपाल ने हार पहनाकर उसे गले लगाया। बहन रमा ने आरती उतारकर भाई का स्वागत किया और मां पुष्पा देवी ने खीर खिलाकर बधाई दी।

माता-पिता के गले में पहनाए मेडल

स्वागत के दौरान निषाद कुमार अपने साथ जापान में जीते दोनों स्वर्ण पदक लेकर पहुंचे। उन्होंने दोनों पदक अपने माता-पिता के गले में पहनाकर उन्हें अपनी उपलब्धि का हिस्सा बनाया। यह भावुक पल देखकर वहां मौजूद लोगों ने भी खुशी जताई। 

हिमाचल के प्रवेशद्वार पर स्वागत

मैहतपुर में स्वागत के बाद ऊना पहुंचने पर भी खेल प्रेमियों ने उनका अभिनंदन किया। जिला खेल विभाग की ओर से जिला खेल अधिकारी प्रिंस पठानिया ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उन्हें बधाई दी।

पिता बोले- गौरवान्वति कर दिया

निषाद के पिता रछपाल ने कहा कि बेटे ने देश, हिमाचल प्रदेश, जिला ऊना और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्हें बेटे की उपलब्धियों पर गर्व है।

क्या बोले कोच

वहीं, निषाद के साथ आए कोच नसीम अहमद ने बताया कि निषाद ने दोनों स्पर्धाओं में पदक जीतने के लिए कड़ी मेहनत की थी। अब उनका लक्ष्य पैरा ओलंपिक खेलों में ऊंची और लंबी कूद, दोनों स्पर्धाओं में पदक हासिल करना है।

मां से किया था वादा

निषाद कुमार ने कहा कि ऊंची कूद में उन्हें पहले से अनुभव था, लेकिन इस बार उन्होंने लान्ग जंप समेत दोनों स्पर्धाओं में पदक जीतने का संकल्प लिया था। उन्होंने अपनी मां से वादा किया था कि इस बार ऊंची कूद के साथ लंबी कूद में भी भाग लेंगे और पदक जीतने का प्रयास करेंगे। उन्हें खुशी है कि वह अपना वादा निभाने में सफल रहे। 

युवाओं को संदेश

उन्होंने युवा पीढ़ी को संदेश दिया कि अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें और सफलता पाने के लिए मेहनत करने से पीछे न हटें। युवाओं को अपनी दिनचर्या आरामदायक बनाने के बजाय अनुशासित और चुनौतीपूर्ण रखनी चाहिए, ताकि वे अपने लक्ष्य हासिल कर सकें।

पैरा ओलंपिक में दोनों स्पर्धाओं में पदक जीतने का लक्ष्य

निषाद संग मैहतपुर प्रवेश द्वार पर पहुंचे कोच नसीम अहमद ने बताया कि निषाद कुमार का अगला लक्ष्य पैरा ओलंपिक में ऊंची और लंबी कूद, दोनों स्पर्धाओं में पदक जीतना है। पैरा एशियाई खेलों में दो स्वर्ण पदक जीतकर निषाद ने अपनी क्षमता साबित की है। अब उनका ध्यान आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी पर रहेगा। निषाद की उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

यह भी पढ़ें: सुक्खू सरकार का पुरुष कर्मचारियों को भी हैप्पी करवाचौथ, हिमाचल में छुट्टी का एलान; स्कूल-कॉलेज भी बंद रहेंगे