महिला मरीज को रखा आइसोलेशन वार्ड में
सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी में बुधवार को पहुंची एक मरीज से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
संवाद सहयोगी, चितपूर्णी : सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी में बुधवार को पहुंची एक मरीज से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। मरीज को आइसोलेशन वार्ड में भी रखा गया। मरीज को खांसी, जुकाम व बुखार की शिकायत थी। बाद में जांच में पाया गया कि उसे साधारण बुखार ही है। दोपहर बाद मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
दरअसल कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग सावधानी बरत रहा है। बुधवार को जब एक महिला मरीज अस्पताल पहुंची तो उसके द्वारा चिकित्सक को बताए गए बीमारी के लक्षण संदिग्ध लगे। ऐसे में उसे अस्पताल परिसर में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में रखा गया। अस्पताल प्रबंधन ने उसके स्वजनों से पिछले एक महीने की ट्रैवल हिस्ट्री के बारे में पूछताछ की तो पता चला महिला जिला कांगड़ा की रहने वाली है। डूहल गांव में अपन पति के साथ लकड़ी काटने का कार्य करती है। लंबे समय से वह कहीं बाहर नहीं गई है और सर्दी लगने के बाद उसमें जुकाम व बुखार के लक्षण पाए गए हैं। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने विभाग के अधिकारियों से परामर्श लिया। महिला को दवा देने के बाद जब हालत में सुधार देखने को मिला तो उसे छुट्टी दे दी गई। खंड चिकित्सा अधिकारी अम्ब डॉ. राजीव गर्ग ने बताया कि महिला को सिर्फ जुकाम व बुखार था। सावधानी के लिए ही महिला को जांच के लिए कुछ देर रोका गया था।