विजेंद्र हत्याकांड : आरोपित का रिकार्ड बिहार में भी खंगालेगी पुलिस
बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी में हुए विजेंद्र हत्याकांड के मुख्य आरोपित खुशीराम मंडल को कोर्ट ने 10 दिन की न्यायिक हिरासत में बनगढ़ जेल भेज दिया है।
अम्ब, जेएनएन। बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी में हुए विजेंद्र हत्याकांड के मुख्य आरोपित खुशीराम मंडल को कोर्ट ने 10 दिन की न्यायिक हिरासत में बनगढ़ जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपित को बुधवार को कोर्ट में पेश किया था। पुलिस अब इस हत्याकांड में पहले से न्यायिक हिरासत में चल रहे बंटी को भी खुशीराम मंडल के साथ 12 अक्टूबर को कोर्ट में पेश करेगी।
उधर पुलिस खुशीराम के पिछले रिकार्ड को चेक कर रही है। पुलिस बिहार से यह पता लगाने में जुट गई है, क्या वह ऐसी आपराधिक गतिविधियों पहले भी शामिल रहा है या उसने ऐसा कांड पहली बार ही किया है। इसके लिए पुलिस ने एक टीम को जिम्मा सौंप दिया है। पुलिस को मैड़ी में मेलों के दौरान लावारिस लाशें मिलती रही हैं लेकिन खुशीराम द्वारा विजेंद्र के साथ की गई बर्बरता ने पुलिस को इसका अगला-पिछला सारा चिट्ठा खंगालने के लिए मजबूर कर दिया है।
बड़ी बात है खुशीराम यहां से फरार होने के बाद न केवल लुधियाना में जाकर बड़े आराम से रहने लग गया था बल्कि उसने वहां पर अपने लिए नया काम भी ढूंढ लिया था। यह सब बातें पुलिस के सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़ी हैं कि आखिर खुशी राम ने इतनी जल्दी लुधियाना में अपने आपको किस तरह से सेटल कर लिया था। खुशीराम ने अपने साथी बंटी के साथ मिलकर विजेंद्र को मारने के बाद उसके गले में कील घोंप दी थी। इससे यह संकेत मिलते हैं कि खुशीराम कोई आम अपराधी नहीं है।
पुलिस ने आरोपित खुशीराम को कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने आरोपित को दस दिन के लिए न्यायिक हिरासत में बनगढ़ जेल भेज दिया है। पुलिस अब पहले से न्यायिक हिरासत में चल रहे बंटी को भी 12 अक्टूबर को कोर्ट में पेश करेगी।
-दर्शन सिंह, एसएचओ अम्ब