ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र पर जड़ा ताला
उपमंडल अम्ब की ग्राम पंचायत चुरुड़ू के वार्ड-चार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में गांववासियों ने ताला जड़ दिया।
संवाद सूत्र, बडूही : उपमंडल अम्ब की ग्राम पंचायत चुरुड़ू के वार्ड-चार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में गांववासियों ने ताला जड़ दिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की सेवाएं समाप्त करने पर लोग भड़क गए और प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि अगर कार्यकर्ता की सेवाएं को चालू नहीं रखा गया तो किसी भी अन्य कार्यकर्ता को आंगनबाड़ी केंद्र खोलने नहीं देंगे। दूसरी ओर विभाग ने अदालत के फैसले पर कार्यकर्ता की सेवाएं समाप्त करने की बात की है।
सोमवार को गांववासी आंगनबाड़ी केंद्र में एकत्रित हुए। इसके भवन में ताला लगा दिया और रोष जताया। महिलाओं पुष्पा देवी, वीना देवी, उषा देवी, शीला देवी, मीना देवी, प्रीतो देवी, रजनी देवी, चंचला देवी, आशा देवी ने कहा विभाग की कार्रवाई पारदर्शी नहीं है। आंगनबाड़ी केंद्र में शुरू से ही शोभा देवी कार्यकर्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं लेकिन एक अन्य महिला द्वारा उसे हाईकोर्ट से आदेश मिलने की बात कहकर शोभा देवी को अपने पद से हटा दिया गया है। कई साल से सेवारत एक कर्मचारी को हटाना तर्कसंगत नहीं है, इसलिए विभाग इस फैसले पर दोबारा विचार करे और महिला को न्याय दिलाए।
------------------
मुझे नहीं मिले आदेश : शोभा
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शोभा देवी ने बताया उसे इस मामले में कोई भी पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। वह बिना जानकारी के पद क्यों छोड़े। अभी उसकी सेवानिवृत्ति में दो साल बाकी हैं। दवाब के चलते यह प्रक्रिया की जा रही है। उसके साथ अन्याय हो रहा है। वह कई साल से केंद्र में कार्य कर रही हैं।
---------------------------
आंगनबाड़ी केंद्र में नियुक्ति को लेकर 20 साल से अदालत में केस चल रहा था जिसका फैसला आने पर अदालत के आदेश पर शोभा देवी को उनकी सेवाभार से मुक्त करने की प्रक्रिया हुई है। उनके स्थान पर संतोष कुमारी को नियुक्ति दी गई है। अदालत के आदेश पर विभाग ने काम किया है। ग्रामीणों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र में ताला जड़ने की जानकारी मुझे नहीं है। ग्रामीण शांति बनाए रखें।
अश्वनी कुमार, सीडीपीओ, अम्ब