आइआरबी बनगढ़ में सम्मानित किए खिलाड़ी
धर्मशाला में हुई पुलिस विभाग की खेलकूद प्रतियोगिता में आइआरबी बनगढ़ के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
संवाद सहयोगी, मैहतपुर : धर्मशाला में हुई पुलिस विभाग की खेलकूद प्रतियोगिता में आइआरबी बनगढ़ के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। बुधवार को विजेता खिलाड़ियों का बनगढ़ में पहुंचने पर स्वागत किया गया। समादेशक एसआर राणा ने कहा कि इस तीन दिवसीय खेलकूद प्रतिस्पर्धा में चार टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें मध्य इकाई के कुल 96 खिलाड़ियों में से इस वाहिनी के 77 खिलाड़ियों ने भाग लिया। मध्य इकाई ने हैंडबाल, कबड्डी, कमांडो प्रतियोगिताओं सहित सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धा, कंप्यूटर, फोटोग्राफी, डॉग स्कवायड, अन्वेषण तथा एंटी सेबोटेज चेक इत्यादि में प्रथम स्थान हासिल किया। एथलेटिक्स व फुटबाल में दूसरा स्थान हासिल किया। मध्य इकाई ने ड्यूटी मीट में ओवरऑल प्रथम स्थान हासिल किया। वाहिनी के उपसमादेशक शमशेर ¨सह ने लॉन टेनिस में विजेता का खिताब हासिल किया। प्रथम भारत आरक्षित वाहिनी बनगढ़ को सर्वश्रेष्ठ वाहिनी के पुरस्कार से अलंकृत किया गया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों का आह्वान किया कि वाहिनी को सर्वश्रेष्ठ बनाए रखने के लिए इसी प्रकार पूर्ण निष्ठा के साथ अपना कर्तव्य निर्वहन करें। इस अवसर सहायक समादेशक मीनाक्षी देवी व वाहिनी चिकित्सक गुरलीना कंवर व समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।