ऊना में बंद बेअसर
कांग्रेस के भारत बंद का असर ऊना में बेअसर रहा। जिला मुख्यालय सहित अन्य कस्बों के बाजार खुले रहे।
जागरण संवाददाता, ऊना : कांग्रेस के भारत बंद का असर ऊना में बेअसर रहा। जिला मुख्यालय सहित अन्य कस्बों के बाजार खुले रहे। रोजाना की तरह कारोबार हुआ। निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल का थोड़ा असर देखा गया, जिस कारण लोग बाजारों में कम पहुंचे लेकिन व्यापारी वर्ग ने भारत बंद से अपनी दूरी बनाए रखी। कांग्रेस के समर्थन आह्वान पर व्यापारियों का साथ नहीं मिला। व्यापार मंडल ने पहले ही भारत बंद में शामिल होने से मना कर दिया था।
सोमवार को कांग्रेस ने महंगाई को लेकर भारत बंद का एलान किया था। पार्टी ने अपनी तरफ से महंगाई को लेकर जिला और विस क्षेत्रों में प्रदर्शन किए। सबकी नजरें व्यापारियों पर थीं कि बाजारों में इसका कितना असर दिखेगा। जिला मुख्यालय के बाजार की दुकानें सुबह ही खुल गई। व्यापारियों ने अपना कारोबार किया। हालांकि कांग्रेस ने भी भारत बंद के मुद्दे पर केवल आह्वान किया था। इसके लिए जमीनी स्तर पर व्यापारी वर्ग के साथ कोई संपर्क नहीं किया था। यह भी वजह रही कि उनके इस आंदोलन में व्यापारी नहीं जुड़े। जबकि इत्तेफाक बना कि निजी बस ऑपरेटर्स संघ हड़ताल पर चले गए और इससे आम लोगों के सफर को थोड़ी ब्रेक लगी। दूसरी तरफ कांग्रेस संगठन ने साफ किया कि उनका यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण था। पार्टी आम जनता की आवाज को उठा रही है। सरकार के रवैये में बदलाव न हुआ तो संगठन सभी वर्गो के साथ बड़ा आंदोलन करेगा। भारत बंद के बहाने जनजीवन प्रभावित न हुआ पर महंगाई को लेकर पार्टी ने केंद्र सरकार को घेरा जरूर। दूसरी ओर भाजपा की तरफ से भी इस मुद्दे पर चुप्पी ही रही। व्यापार मंडल के अध्यक्ष सोमेश कुमार शर्मा ने कहा पहले ही यह तय था कि व्यापारी इसमें शामिल नहीं होंगे। क्योंकि व्यापारी वर्ग के ऐसे कई मुद्दे हैं, जिनके समाधान को लेकर संघर्षरत हैं। व्यापार मंडल अपनी रणनीति तय करेगा। इसको लेकर संघर्ष या अन्य कोई फैसला लेगा।