Himachal: गुरदेव ठाकुर की उपलब्धि, यंगेस्ट बाईसाइकिल राइडर ऑन हिल्स बने
Gurdev Thakur. आठवीं कक्षा के छात्र गुरदेव ठाकुर ने साइकिलिंग में विश्व रिकॉर्ड बनाकर स्कूल ही नहीं बल्कि देश का भी नाम रोशन किया है।
ऊना, जेएनएन। Gurdev Thakur. हिमाचल प्रदेश में डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल ऊना के आठवीं कक्षा के छात्र गुरदेव ठाकुर ने साइकिलिंग में विश्व रिकॉर्ड बनाकर स्कूल ही नहीं बल्कि देश का भी नाम रोशन किया है। गुरदेव ठाकुर ने मात्र 12 वर्ष की आयु में साइकिल पर ऊना से बड़सर की 45 किलोमीटर की दूरी मात्र दो घंटे 43 मिनट में तय कर यंगेस्ट बाईसाइकिल राइडर ऑन हिल्स का खिताब अपने नाम किया है।
जानकारी के मुताबिक, गुरदेव ने रोलर स्केटिंग में भी सीबीएसई की राष्ट्रीय खेलों में पांचवां स्थान व हैदराबाद में आयोजित डीएवी की राष्ट्रीय स्तर की रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर नाम चमकाया था। गुरदेव के कोच राजकुमार ठाकुर ने बताया कि गुरदेव ने पहाड़ पर नॉन स्टॉप साइकिल चलाकर अहम उपलब्धि हासिल की है। अब उन्होंने ऊना से शिमला और ऊना से दिल्ली की दूरी साइकिल से तय करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए निरंतर अभ्यास जारी है।
उन्होंने कहा कि गुरदेव काफी मेहनती है। वह लक्ष्य हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करता है। कम उम्र में ही उसके द्वारा रिकॉर्ड बनाना सराहनीय है। उन्होंने गुरदेव द्वारा साइकिल पर ऊना से बड़सर की 45 किलोमीटर की दूरी महज दो घंटे 43 मिनट में तय कर यंगेस्ट बाईसाइकिल राइडर ऑन हिल्स का खिताब अपने नाम करने पर उसे बधाई दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें गुरदेव की इस उपलब्धि पर नाज है।
इस बीच, स्कूल प्रिंसिपल अतुल महाजन ने विश्व रिकॉर्ड बनाए जाने पर गुरदेव तथा उनके माता पिता को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां खिलाड़ियों में आत्मविश्वास बढ़ाती हैं और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं। स्कूल प्रबंधन कमेटी के उपप्रधान बलविंदर सिंह ने गुरदेव का उसकी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भविष्य में छात्रों की खेलों में रुचि के अनुसार खेल सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी।