संस्कारी बच्चों से होता है परिवार व राष्ट्र कल्याण
मानव कल्याण सत्संग मंडल के कल्याण माऊंट शिवालिक पब्लिक हाई स्कूल में पितृ-भक्ति हाऊस के सौजन्य से मासिक सुंदर-कांड का पाठ हुआ।
जागरण संवाददाता,ऊना : मानव कल्याण सत्संग मंडल के कल्याण माऊंट शिवालिक पब्लिक हाई स्कूल में पितृ-भक्ति हाऊस के सौजन्य से मासिक सुंदर-कांड का पाठ हुआ। इसमें सत्संग मंडल व स्कूल के अध्यक्ष वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी सत्यभूषण शास्त्री ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि पितृभक्तों का मां-बाप से लिए गए आशीर्वाद से चहुंमुखी विकास होता है। जो कोई व्यक्ति अभिवादन भाव से नित्य माता -पिता तथा गुरुजनों और वृद्धों से आशीर्वाद लेता है। उसकी आयु, विद्या, यश और बल चारों प्रकार से चहुंमुखी प्रगति होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बच्चों में बढ़ रही अहंकार की प्रवृत्ति की रोकथाम के लिए शिक्षकों व गुरुजनों को भूमिका निभानी आवश्यक है। क्योंकि बच्चे ही परिवार और राष्ट्र के भावी निर्माता हैं। उन्होंने बताया कि पांच वर्ष तक बच्चों का लालन पालन प्यार दुलार और छह से 10 वर्ष के बच्चे की शिक्षाप्रद डांट प्रताड़ना करने के बाद 11 से 16 वर्ष के बच्चे के साथ माता -पिता को एक अच्छे मित्र की भांति व्यवहार करना उनका कर्तव्य है।