हरियाणा पुलिस ने संतोषगढ़ व बाथू में दी दबिश
शहर में किराये के मकान में रह रही हरियाणा निवासी विवाहिता को जबरदस्ती परिजनों द्वारा अपने साथ ले जाने और बाद में महिला द्वारा पति समेत अन्य पर यौन शोषण का केस दर्ज करवाने के मामले में आरोपित पति पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
संवाद सहयोगी, संतोषगढ़ (ऊना) : शहर में किराये के मकान में रह रही हरियाणा निवासी विवाहिता को जबरदस्ती परिजनों द्वारा अपने साथ ले जाने और बाद में महिला द्वारा पति समेत अन्य पर यौन शोषण का केस दर्ज करवाने के मामले में आरोपित पति पुलिस की गिरफ्त से दूर है। वीरवार को भी हरियाणा पुलिस ने ऊना के संतोषगढ़ तथा हरोली में दबिश देकर पूछताछ की। पुलिस विवाहिता के पति दीपक व बाथू निवासी अजय को गिरफ्तार करने के लिए आई थी लेकिन दोनों ही पुलिस के हाथ नहीं लगे। पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। मालूम हो दीपक व उसकी पत्नी कुछ समय के लिए बाथू निवासी अजय के घर पर भी रहे थे। इस बार हरियाणा पुलिस ने दबिश देने से पहले स्थानीय पुलिस चौकियों को सूचित किया था। संतोषगढ़ चौकी प्रभारी विजय ने बताया हरियाणा पुलिस की दबिश की सूचना के अलावा कार्रवाई के बारे में ज्यादा कुछ नहीं पता है। उधर टाहलीवाल चौकी कर्मियों की मानें तो मामले में आरोपित बाथू निवासी अजय को पुलिस पकड़ने आई थी।
यह है मामला
हरियाणा के जिला जींद की एक महिला अपने पति दीपक के साथ ऊना के संतोषगढ़ में किराये के मकान में रह रही थी। पिछले शनिवार को हरियाणा से करीब सात लोग संतोषगढ़ आकर विवाहिता के घर में घुस गए। उस समय महिला का पति दीपक घर पर मौजूद नहीं था। सात लोगों ने महिला को पकड़ लिया और जबरदस्ती अपने साथ ले गए। इसके बाद महिला ने जींद में महिला पुलिस थाना में पति समेत अन्य के खिलाफ यौन शोषण, सामूहिक दुराचार का केस दर्ज करवाया। बताया कि उसका अपहरण कर लिया गया था। बाद में जबरदस्ती उससे शादी कर ली। आरोपित पति समेत अन्य ने भी उसके साथ दुराचार किया। केस दर्ज होने के बाद हरियाणा पुलिस लगातार ऊना के संतोषगढ़ में दबिश दे रही है लेकिन आरोपित पति व एक अन्य पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहे हैं।