दहशत फैलाकर विवाहिता को जबरन ले गए सात लोग
संतोषगढ़ के वार्ड पांच में एक विवाहिता को जबरन अपने साथ जाने का मामला सामने आया है।
संवाद सहयोगी, संतोषगढ़ (ऊना) : संतोषगढ़ के वार्ड पांच में एक विवाहिता को जबरन अपने साथ जाने का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने करीब सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपित हरियाणा के बताए जा रहे हैं। वहीं मामला प्रेम विवाह से जुड़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार हरियाणा निवासी ज्योति वार्ड पांच में किराये के मकान में अपने पति दीपक के साथ रहती थी। दोनों ने करीब दो महीने पहले ही प्रेम विवाह किया था। उसका पति शनिवार को काम पर गया हुआ था। घर में ज्योति व मकान मालिक राममूर्ति व उसका बेटा और पत्नी मौजूद थे। शनिवार देर शाम करीब सात अज्ञात लोग घर में घुस आए और ज्योति को ढूंढना शुरू कर दिया। मकान मालिक दंपती ने उन्हें रोकना चाहा तो उनके साथ आरोपितों ने धक्का-मुक्की की। जबरदस्ती मकान की दूसरी मंजिल पर चढ़ गए और विवाहिता ज्योति को पकड़ लिया। इस दौरान घर में मौजूद लोगों के चिल्लाने पर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए लेकिन किसी की भी हिम्मत ज्योति को छुड़ाने की नहीं हुई। आरोपित विवाहिता को जबरदस्ती अपने साथ ले गए। इस बीच किसी ने संतोषगढ़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपित विवाहिता को अपने साथ ले जा चुके थे। चौकी प्रभारी विजय ने बताया पुलिस मामले की जांच कर रही है। ज्योति के पति व विवाहिता के परिजनों को पूछताछ के लिए बुलाया है। विवाहिता व उसका पति दोनों हरियाणा के जींद से संबंध रखते हैं। दोनों ने प्रेम विवाह किया हुआ है। दोनों के परिजन विवाह के खिलाफ थे।