अम्ब का वार्ड छह भी सील
अम्ब कस्बे के वार्ड छह में कोरोना संक्रमित पाई गई महिला को शनिवार देर रात स्वास्थ्य विभाग ने कोविड केयर सेंटर खड्ड में शिफ्ट कर दिया है।
संवाद सहयोगी, अम्ब : अम्ब कस्बे के वार्ड छह में कोरोना संक्रमित पाई गई महिला को शनिवार देर रात स्वास्थ्य विभाग ने कोविड केयर सेंटर खड्ड में शिफ्ट कर दिया है। अम्ब कस्बे का वार्ड छह भी कंटेनमेंट जोन की जद में आ गया है। रविवार को पुलिस विभाग ने उक्त वार्ड को सैनिटाइज करवाने के बाद पूरी तरह से सील करके यहां पुलिस का पहरा बैठा दिया है। अगले निर्देशों तक इस वार्ड के लोगों का घर से निकलना वर्जित रहेगा।
उधर, महिला के संपर्क में आए उसके दोनों (13 व 16 वर्षीय) बेटों को बुखार की शिकायत होने की वजह से आइसोलेशन वार्ड ऊना शिफ्ट कर दिया है। वहीं उसके सास-ससुर को विभाग ने घर में ही होम क्वारंटाइन करके इनके कोरोना जांच के लिए सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मालूम हो उक्त महिला अपने पति व दोनों बेटों के साथ जवाली में किराये के क्वार्टर में रहती है। उसका पति भी कोरोना संक्रमित होने के कारण टांडा अस्पताल में भर्ती है। बताया जा रहा है कि पति कुछ दिन पहले ही दिल्ली से जवाली लौटा था और स्वास्थ्य विभाग ने संस्थागत क्वारंटाइन किया हुआ था। जहां पर हुए टेस्ट में वह कोरोना संक्रमित पाया गया और उसे टांडा अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। महिला व उसके दोनों बेटे करीब चार दिन पहले अम्ब अपने घर आ गए थे। इस बात की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने इनके सैंपल लेने के बाद इन्हें होम क्वारंटाइन किया हुआ था।