वीरभद्र सिंह पैरवी कर सकते हैं पर टिकट हाईकमान ही तय करेगा : राठौर
kuldeep singh Rathour, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह द्वारा लोकसभा चुनाव में टिकट के लिए पैरवी करने पर निशाना साधा है।
जागरण संवाददाता, ऊना : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह लोकसभा टिकट के लिए किसी की भी पैरवी कर सकते हैं। इस संबंध में अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान ही लेगा। परिवारवाद या अन्य किसी के समर्थन को लेकर कोई बात अहम नहीं है। राठौर बुधवार को ऊना में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
वीरभद्र सिंह की ओर से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा के बेटे अभिषेक राणा की टिकट पैरवी और ऊना के विधायक सतपाल रायजादा के विरोध की स्थिति के सवाल पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों का निर्णय संगठन लेगा। इसके लिए सभी स्थितियों का ध्यान रखा जाएगा और तभी कोई फैसला होगा।
संगठन की मजबूती और लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी जल्द अभियान चलाएगी। पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं, प्रभारी रजनी पाटिल, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के साथ मंथन करेंगे और इसके बाद जल्द प्रदेश स्तर पर गतिविधियां होंगी। पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी जोश है और चुनाव में इसे जीत में बदला जाएगा। पार्टी पूरी तरह से एकजुट है और हर पदाधिकारी व कार्यकर्ता को सम्मान मिलेगा। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, ऊना के विधायक सतपाल रायजादा आदि मौजूद रहे।
प्रियंका गांधी की नियुक्ति को बताया सराहनीय
कुलदीप सिंह राठौर ने कहा प्रियंका गांधी की कांग्रेस में महासचिव पद पर नियुक्ति होना सराहनीय है। इससे पार्टी को नई मजबूती मिलेगी और संगठन के साथ ही कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ेगा।