कांग्रेस विधायक भी वीरभद्र सिंह के खिलाफ हुए मुखर
विधानसभा क्षेत्र ऊना से कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा ने भी वीरभद्र सिंह पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह संगठन को लेकर बयानबाजी से परहेज करें।
जेएनएन, ऊना। विधानसभा क्षेत्र ऊना से कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा ने भी वीरभद्र सिंह पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह संगठन को लेकर बयानबाजी से परहेज करें। वरिष्ठतम नेता होने के नाते पार्टी के हर कार्यकर्ता व नेता के सम्मान को दरकिनार न करें।
ऐसा होने से कांग्रेस ने पहले भी नुकसान उठाया है और आगे भी झेलना पड़ेगा। रायजादा ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की ओर से पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने कहा अकसर पूर्व मुख्यमंत्री विधानसभा और लोकसभा चुनावों से पहले बयानबाजी का दौर शुरू कर देते हैं, जिसका पार्टी कई बार खामियाजा भुगत चुकी है।
बीते वर्ष विस चुनाव में मंडी जिले में पार्टी ने बड़ी हार सही है। यदि वीरभद्र सिंह मंडी में सुखराम को लेकर गलत व्यवहार न करते तो जिले में दस सीटों पर हार न होती। अब एक दफा फिर वीरभद्र सिंह कार्यकर्ताओं को कबाड़ और हाईकमान को बेबकूफ जैसे शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे बयानों से कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटता है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष रहे सुक्खू को लेकर उनकी टिप्पणियां करना पार्टी हित में नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री सम्माननीय नेता हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं का संगठन में अहम स्थान है। कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सुजानपुर से कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा के पुत्र अभिषेक राणा को टिकट को लेकर माहौल बनाना उचित नहीं है। पार्टी के इस कदम राजनीति में परिवारवाद को बढ़ावा मिलेगा।
संगठन ऐसे कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाए, जो कर्मठ व जीतने की क्षमता रखता हो। पार्टी में योग्य उम्मीदवारों की कमी नहीं है और कमजोर उम्मीदवार को लेकर संगठन को ताक पर रखना उचित नहीं होगा। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में पार्टी कई चुनाव हार चुकी है और इस बार कार्यकर्ताओं में जीत को लेकर उत्साह है और पूर्व मुख्यमंत्री इसे हार में बदलने का प्रयास कर रहे हैं।