सत्ता के बिना हताश होकर कांग्रेस नेता कर रहे बेतुकी बयानबाजी
चितपूर्णी के विधायक बलवीर सिंह चौधरी ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री कुलदीप कुमार द्वारा गत दिनों दिए वक्तव्य पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
संवाद सहयोगी, अम्ब : चितपूर्णी के विधायक बलवीर सिंह चौधरी ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री कुलदीप कुमार द्वारा गत दिनों दिए वक्तव्य पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक बलवीर सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने स्वतंत्र भारत के कुल 73 वर्ष में से 55 वर्ष राज किया है लेकिन कांग्रेस ने अपने राज में हर वर्ग का शोषण किया है। किसान, सैनिक, शिक्षक, दलित, शोषित व महिला सभी वगरे के उत्थान के लिए कांग्रेस का योगदान शून्य रहा है। कांग्रेस की इस कार्यप्रणाली से जनता ने त्रस्त होकर उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया है। कांग्रेस का जनाधार देश व प्रदेश में निरंतर घट रहा है।
विधायक ने कहा कि वर्तमान जयराम सरकार के कार्यकाल में चितपूर्णी हलके में सड़कों व पुलों के निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है। जल शक्ति विभाग की घर को नल स्कीम के तहत चितपूर्णी हलके में 45 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है तथा काम युद्धस्तर पर चल रहा है। दूसरी तरफ कांग्रेस नेता सत्ता के बिना हताश होकर बेतुकी बयानबाजी में मशगूल हो गए हैं। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कुलदीप सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शम्भु गोस्वामी, महामंत्री महेश मेहता, जयदेव खट्टा, पूर्व मंडल अध्यक्ष शाम मिन्हास व सूचना प्रौद्योगिकी संयोजक संजीव जसवाल उपस्थित रहे।