भाजपा आइटी सेल बोला, भारती पर दर्ज करो केस
जिला ऊना भाजपा आइटी सेल ने पूर्व सीपीएस नीरज भारती की अभद्र टिप्पणी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक ऊना को शिकायत पत्र सौंपा है।
जागरण संवाददाता, ऊना : जिला ऊना भाजपा आइटी सेल ने पूर्व सीपीएस नीरज भारती की अभद्र टिप्पणी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक ऊना को शिकायत पत्र सौंपा है। आइटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है। आइटी सेल जिला संयोजक बल¨वदर कुमार गोल्डी के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल ने कहा कांग्रेस नेता एवं पूर्व सीपीएस नीरज भारती द्वारा स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के विरुद्ध आपत्तिजनक बातें सोशल मीडिया पर लिखी गई हैं, जिससे पार्टी सहित आम लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। गाय के मांस की बात धार्मिक श्रद्धा को भी ठेस पहुंचाने वाली है। इसमें कोई तथ्य नहीं है। केवल मात्र अफवाह फैलाने का काम किया जा रहा है। ऐसे में उनके विरुद्ध झूठी अफवाह फैलाने व धार्मिक भावनाएं आहत करने का भी मामला दर्ज होना चाहिए।
भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता पर अश्लील टिप्पणी करना महिलाओं के प्रति उनकी मानसिकता को दर्शाता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी अभद्र टिप्पणियां की गई हैं। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती पर भी अभद्र भाषा को सहन नहीं किया जाएगा। अगर भारती पर कार्रवाई करने में देरी होती है तो आने वाले दिनों में उग्र घटना होने पर इसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राजकुमार पठानिया ने कहा कांग्रेस के नेतृत्व को साफ करना चाहिए कि वह ऐसी टिप्पणियों पर क्या राय रखते हैं, अगर पार्टी इसके पक्ष में नहीं है तो कार्रवाई अमल में लाए। इस अवसर ईश ग्रोवर, संदीप कश्यप सहित अन्य मौजूद रहे।