सुबह आठ बजे से खुलेंगे मां चिंतपूर्णी मंदिर के कपाट
धार्मिक स्थलों के कपाट आज से खुल रहे हैं। इसके साथ ही माता चितपूर्णी का मंदिर भी दर्शन के लिए खुल जाएगा।
संवाद सूत्र, चितपूर्णी : धार्मिक स्थलों के कपाट आज से खुल रहे हैं। इसके साथ ही माता चितपूर्णी का मंदिर भी दर्शन के लिए खुल जाएगा। इससे पहले बुधवार को मंदिर अधिकारी अभिषेक भास्कर ने पुजारी बारीदार सभा और व्यापार मंडल के साथ बैठक की जिसमें मंदिर खोलने की एसओपी पर चर्चा की गई।
मंदिर अधिकारी ने व्यापारी वर्ग और पुजारियों का मत सुनने के बाद मंदिर की समयावधि सुबह आठ से शाम आठ बजे तक तय की है। माता के दर्शन बिना दर्शन पर्ची के नहीं होंगे और दर्शन पर्ची केंद्रों पर बाकायदा थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था होगी। बिना कोरोना लक्षण वाले श्रद्धालुओं को ही दर्शन की अनुमति होगी। इसके साथ ही दर्शन पर्ची तीन जगह श्री चितपूर्णी सदन, शंभू वैरियर और एमआरसी की पार्किंग में मिलेगी। चितपूर्णी सदन और शंभू वैरियर पर सुबह 7.45 बजे से शाम सात बजे तक दर्शन पर्ची मिलेगी और एमआरसी की पार्किंग में सुबह 10.00 बजे से शाम छह बजे तक पर्ची उपलब्ध रहेगी। गर्भगृह में एक समय में केवल दो पुजारियों को बैठने की अनुमति होगी। श्रद्धालु मंदिर में प्रसाद लेकर जा सकते हैं। लंगर, भजन-कीर्तन और जगरातों पर रोक रहेगी।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को रुकने और बैठने की अनुमति नहीं होगी। वहीं मुंडन संस्कार पुराने लंगर हाल में ही होंगे। बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं को ही लिफ्ट मार्ग से भेजा जाएगा। मंदिर अधिकारी अभिषेक भास्कर ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि चितपूर्णी बाजार में सीवरेज का कार्य चल रहा है जिसे जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जल्द से जल्द कार्य को पूरा कर दोनों मार्गो को चला दिया जाएगा। इस मौके पर मंदिर अधिकारी अभिषेक भास्कर के साथ बारीदार सभा के प्रधान रविंद्र छिदा, वित्त अधिकारी आशीष शर्मा, पूर्व ट्रस्टी निरंजन कालिया, सतीश कालिया, भूषण कालिया, राजेश कालिया, संदीप कालिया, थाना प्रभारी कुलदीप सिंह, एएसआइ विचित्र सिंह, होमगार्ड के इंचार्ज मनोहर सिंह आदि उपस्थित रहे।