हिमाचल: मां चिंतपूर्णी के श्रद्धालुओं के साथ धोखा! यूट्यूब-चैनल पर फर्जी QR कोड लगाकर ठगे रुपये; पुलिस ने शुरू की जांच
एक व्यक्ति ने मां चिंतपूर्णी मंदिर के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल से वीडियो लेकर अपने चैनल पर फर्जी क्यूआर कोड लगाकर ...और पढ़ें

ऊना में स्थित मां चिंतपूर्णी मंदिर (फाइल फोटो)
HighLights
फर्जी क्यूआर कोड से श्रद्धालुओं से ठगे गए पैसे
मंदिर न्यास के वीडियो का दुरुपयोग कर की धोखाधड़ी
पुलिस ने आरोपी से राशि वापस करवाई, जांच जारी
संवाद सहयोगी, चिंतपूर्णी। मां चिंतपूर्णी मंदिर न्यास के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल से वीडियो शेयर करके एक व्यक्ति ने अपने चैनल पर क्यूआर कोड स्कैनर लगा दिया। कुछ श्रद्धालुओं ने इसे मंदिर न्यास का अधिकृत भुगतान विकल्प समझकर राशि भेज दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर अधिकारी ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने पुलिस के समक्ष अपनी गलती मानी है। आरोपित ने श्रद्धालुओं के 1700 रुपये अपने खाते से मंदिर न्यास के खाते में जमा करवा दिए हैं। पुलिस कॉपीराइट कंटेंट के एंगल से भी जांच कर रही है।
मां चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए मंदिर न्यास के आधिकारिक चैनल पर एक लाख से अधिक श्रद्धालु जुड़े हैं। कुछ श्रद्धालुओं ने उक्त चैनल को देखा तो उन्हें लगा कि यह चैनल मंदिर न्यास का अधिकृत मंच है। यह समझकर कुछ श्रद्धालुओं ने स्कैनर के माध्यम से राशि भेजी। लेनदेन पर संदेह होने के बाद श्रद्धालुओं ने मामला मंदिर प्रशासन के ध्यान में लाया।
मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। मंदिर न्यास के सह-आयुक्त और अंब के एसडीएम पारस अग्रवाल ने बताया कि स्कैनर शेयर करने वाले व्यक्ति की पहचान हो गई है और श्रद्धालुओं ने उसके खाते में जो राशि भेजी थी, उसे उक्त व्यक्ति ने मंदिर न्यास के खाते में ट्रांसफर कर दिया है। मामले में जांच जारी है।
