सवा माह बाद कब्र से बाहर निकाला शव, दोबारा होगी जांच
शकीन मौत मामले की जांच अब दोबारा होगी इसके लिए शव को कब्र से बाहर निकाला गया है।
अम्ब (ऊना), जेएनएन। शकीन की मौत मामले की अब दोबारा से जांच होगी। बुधवार को अम्ब पुलिस ने तहसीलदार मनोज ठाकुर, एसएचओ दर्शन सिंह व एएसआइ स्वरूप जरियाल, मृतक के परिजनों व ग्रामीणों के सामने शव को कब्र से बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भिजवाया। यह कार्रवाई एसडीएम अम्ब के निर्देश पर हुई। नैहरी नौरंगा निवासी शकीन की मौत पीजीआइ चंडीगढ़ में जबड़े की चोट का इलाज करवाने के दौरान हुई थी।
परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम करवाए ही शव को दफना दिया था। कुछ दिन बाद शकीन के पिता नसीमुद्दीन ने पुलिस थाना में एक निजी क्लीनिक चलाने वाले दंत चिकित्सक के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चिकित्सक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था। इस मामले में बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जांच आगे नहीं बढ़ पा रही थी।
यह है मामला
1 अगस्त, 2018 को शकीन स्कूटी पर सवार होकर कहीं जा रहा था। रास्ते में स्कूटी से नीलगाय टकरा गई। शकीन को जबड़े में गंभीर चोट आई। दो अगस्त को वह अम्ब के एक दंत चिकित्सक के पास गया। चिकित्सक ने तार लगाकर जबड़ा बंद कर दिया। आरोप है डॉक्टर ने हिदायत दी थी कि कुछ दिन तक जबड़ा न खोलें। शकीन का दर्द बढ़ता ही गया। मृतक के पिता का कहना है तीन सितंबर को उन्होंने डॉक्टर से जबदस्ती शकीन का जबड़ा खुलवाया। उसके बाद उसे पंजाब के एक निजी अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने हालत ज्यादा खराब होने पर इलाज से मना कर दिया। इसके बाद शकीन को पीजीआइ चंडीगढ़ ले गए। सात सितंबर को उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शकीन के शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
-दर्शन सिंह, एसएचओ अम्ब