चिंतपूर्णी में BJP नेता का यू-टर्न: कांग्रेस में शामिल होने के दावों से मुकरे प्रधान, बोले- 'जबरन डाला पटका'
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेता बिशन देव ने कांग्रेस में शामिल होने के दावों को 48 घंटे में खारिज ...और पढ़ें
-1789805320440_m.webp)
कांग्रेस में जाने के दावों से मुकरे चिंतपूर्णी के भाजपा नेता बिशन देव।
HighLights
बिशन देव ने 48 घंटे में कांग्रेस में शामिल होने से इनकार किया
विधायक से मुलाकात के दौरान धोखे से कांग्रेस का पटका पहनाया गया
पूर्व विधायक बलबीर सिंह ने विधायक की धोखेबाजी वाली राजनीति पर सवाल उठाए
संवाद सहयोगी, अंब। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में महज 48 घंटे के भीतर ही एक सियासी घटनाक्रम देखने को मिला है। बीते वीरवार को ग्राम पंचायत रिपोह मिसरां के प्रधान एवं भाजपा के ग्राम केंद्र प्रमुख बिशन देव के कांग्रेस में शामिल होने का दावा किया गया था, जहां कांग्रेस के शामिल होने के बाद उन्होंने विधायक सुदर्शन सिंह बबलू व प्रदेश के मुख्यमंत्री की तारीफों के पुल भी बांधे थे।
इतना ही नहीं बिशन देव ने मुख्यमंत्री सुक्खू के साथ नादौन का विकास खंड अधिकारी रहते हुए घनिष्ट संबंध होने का दावा भी किया था। हालांकि, इस घटनाक्रम के ठीक 48 घंटे बाद शनिवार को बिशन देव ने यू-टर्न लेते हुए पूर्व विधायक बलबीर सिंह के साथ संयुक्त प्रेसवार्ता की और कांग्रेस में शामिल होने के सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया।
बिशन देव ने दी सफाई
अंब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बिशन देव ने सफाई दी कि वीरवार को वे पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बस रूट से संबंधित दो प्रस्ताव लेकर पंजोआ स्थित विधायक सुदर्शन सिंह बबलू के निवास पर गए थे, जहां मांगों पर सहमति बनने के बाद उन्होंने शिष्टाचार के नाते विधायक और सरकार की सराहना की थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि वहां बातचीत के बाद फोटो खिंचवाने के बहाने उन्हें आंगन में बुलाया गया और पीछे से जबरन गले में कांग्रेस का पटका डालकर भ्रामक प्रचार किया गया, जबकि उन्होंने या उनकी पंचायत के किसी सदस्य ने भाजपा छोड़ने की बात नहीं कही थी।
प्रधान बिशन देव के साथ कांग्रेस में शामिल होने वाले वार्ड सदस्य सुदेश कुमार, पप्पू सहगल व सुरेंद्र मनकोटिया भाजपा में वापसी की है। उन्होंने विधायक को सलाह दी कि ऐसी छलकपट की राजनीति से बचना चाहिए।
वहीं, प्रेसवार्ता में मौजूद पूर्व विधायक बलबीर सिंह ने भी तंज कसते हुए कहा कि विधायक के समर्थक लोगों को धोखे से पटका पहनाकर कांग्रेस में शामिल होने का झूठा ढोंग रच रहे हैं, जिससे जनता को भ्रमित करने के बजाय उन्हें क्षेत्र के वास्तविक विकास पर ध्यान देना चाहिए।
