महिलाओं को पोषक तत्वों की जानकारी दी
ग्राम पंचायत ललड़ी चंदपुर व हीरां में महिलाओं को पोषक तत्वों की जानकारी देने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
संवाद सहयोगी हरोली : ग्राम पंचायत ललड़ी, चंदपुर व हीरां में महिलाओं को पोषक तत्वों की जानकारी देने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता आइसीडीएस पर्यवेक्षक नीलम सैणी ने की। उन्होंने रक्त की कमी व अन्य शारीरिक कमजोरी को दूर करने के लिए महिलाओं को आहार में पोषक तत्व लेने की सलाह दी। बताया कि सबसे अधिक पोषक तत्व हमें हरी सब्जियों से प्राप्त होते हैं।
इसके अलावा दालों में विद्यमान तत्वों की भी शरीर को जरूरत रहती है। दूध व दूध से उत्पन्न पदार्थो में उचित मात्रा में पोषक तत्व मिलते है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने बच्चों को हाथ धोकर खाना खिलाने की आदत डालें, जिससे दस्त एवं निमोनिया जैसी बीमारियों से बच्चों को बचाया जा सकता है। नीलम सैणी ने गर्भवती महिलाओं को सरकारी अस्पताल में ही प्रसव करवाने की सलाह दी। वहीं उन्होंने महिलाओं को घरेलू हिसा एक्ट 2005 के बारे में विस्तार से बताया। इसके अलावा कोविड-19 के बारे में जागरूक किया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्र्ता, महिला मंडल प्रधान, वार्ड पंच, आशा वर्कर सहित महिला सशक्त केंद्र सदस्य व गांव की महिलाएं मौजूद रहीं।