ग्राम पंचायत बल्ह में लोगों को दी कानून की जानकारी
विकास खंड बंगाणा के तहत ग्राम पंचायत बल्ह में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
संवाद सहयोगी, बंगाणा : विकास खंड बंगाणा के तहत ग्राम पंचायत बल्ह में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अनिल शर्मा ने की। उन्होंने बताया असहाय व कमजोर वर्ग से संबंधित लोगों को उपमंडलस्तरीय विधिक सेवा समिति एवं जिलास्तरीय विधिक सेवा समितियों के माध्यम से निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। इसका लाभ वह समिति अध्यक्ष को प्रार्थना पत्र भेजकर प्राप्त कर सकते हैं। जिला न्यायालयों में फ्रंट ऑफिस स्थापित किए गए हैं, जहां पर लोग कानूनी परामर्श नि:शुल्क हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा न्यायालयों के मध्यस्थता केंद्रों में भी आपसी विवादों को सुलझाकर न्यायालय में समय और धन की बर्बादी से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि उन्हें अपने छोटे-मोटे झगड़ों-विवादों को आपस में बैठकर ही सुलझाने के प्रयास करने चाहिए। लोक अदालतों के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान राजेश कुमार, उपप्रधान राम आसरा, पंचायत सचिव मनोज कुमार एवं वार्ड सदस्य बीना देवी, प्रकाशो देवी, रोशन लाल, पूर्ण चंद व नरेश कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।