हिमाचल में धार्मिक यात्रा पर निकले परिवार का बच्चा ढाबे पर छूटा, अंब पुलिस ने माता-पिता से कराया मिलन
धार्मिक यात्रा पर निकले लखनऊ के एक परिवार का आठ वर्षीय बच्चा अंब के धुसाड़ा में एक ढाबे पर छूट ...और पढ़ें
-1791306552303_m.webp)
धुसाड़ा में ढाबे पर छूटा आठ वर्षीय बच्चा, नैना देवी पहुंचे माता-पिता।
HighLights
लखनऊ का परिवार धार्मिक यात्रा पर हिमाचल आया था
अंब के धुसाड़ा में ढाबे पर आठ वर्षीय बच्चा छूटा
पुलिस ने माता-पिता को बुलाकर बच्चे को सकुशल सौंपा
संवाद सहयोगी, अंब। धार्मिक यात्रा पर निकला लखनऊ का एक परिवार मंगलवार को अंब के धुसाड़ा में उस समय मुश्किल में पड़ गया, जब उनका आठ वर्षीय बच्चा नाश्ता करने के दौरान ढाबे पर ही छूट गया और परिवार के अन्य सदस्य बिना बच्चे को देखे माता नैना देवी के लिए रवाना हो गए।
बच्चे को अकेला रोते हुए देखकर ढाबा मालिक ने उसे अपने पास बैठाया और इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद अंब पुलिस ने वाहन का नंबर ट्रेस कर बच्चे के माता-पिता से संपर्क किया और उन्हें नैना देवी से वापस बुलाकर बच्चे को उनके हवाले किया।
जानकारी के अनुसार लखनऊ के इंद्रा कस्बा थाना सदर क्षेत्र से 21 यात्रियों का जत्था धार्मिक यात्रा पर हिमाचल आया था। जत्था 30 सितंबर को ट्रेन से जम्मू पहुंचा था। माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद सभी यात्री टेंपो ट्रैवलर से हिमाचल के विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कर रहे थे। मंगलवार को जत्थे ने माता ज्वालाजी के दर्शन किए और इसके बाद माता चिंतपूर्णी होते हुए माता नैना देवी जाने के लिए रवाना हुआ।
दोपहर के समय धुसाड़ा में नाश्ते के लिए एक ढाबे पर रुके। नाश्ता करने के बाद जत्था बिना बच्चे पर ध्यान दिए नैना देवी के लिए रवाना हो गया। कुछ समय बाद ढाबा मालिक की नजर अकेले बैठे बच्चे पर पड़ी। इसी दौरान वहां रुके टकोली निवासी विशाल ठाकुर ने बच्चे को अकेला देखकर इसकी सूचना 112 हेल्पलाइन और अंब पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही अंब थाना से एएसआई रजनीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्चे से उसके परिवार और यात्रा के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन उम्र कम होने के कारण वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी में टेंपो ट्रैवलर का नंबर ट्रेस कर उसके मालिक से संपर्क किया।
वाहन मालिक के माध्यम से बच्चे के माता-पिता का फोन नंबर हासिल कर उनसे संपर्क किया गया। पुलिस ने उन्हें बताया कि उनका बच्चा धुसाड़ा में सुरक्षित है। इसके बाद माता-पिता गाड़ी लेकर नैना देवी से वापस अंब पहुंचे, जहां पुलिस ने बच्चे को सकुशल उनके हवाले कर दिया। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने बच्चे को सकुशल उसके माता-पिता से सुपुर्द कर दिया है।
