विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल: अंब के महाराणा प्रताप कॉलेज की वेबसाइट पर साइबर हमला, छात्रों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी

Published: Mon, 19 Oct 2026 03:31 PM (IST)

अंब के महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय की वेबसाइट पर साइबर हमला हुआ है, जिसमें सट्टेबाजी के संदिग्ध लिंक अपलोड किए गए हैं।

हिमाचल: अंब के महाराणा प्रताप कॉलेज की वेबसाइट पर साइबर हमला

हिमाचल: अंब के महाराणा प्रताप कॉलेज की वेबसाइट पर साइबर हमला

HighLights

  1. अंब कॉलेज की वेबसाइट पर साइबर हमला हुआ

  2. सट्टेबाजी व कैसीनो के संदिग्ध लिंक अपलोड किए गए

  3. छात्रों, अभिभावकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी

संवाद सहयोगी, अंब। जिला ऊना के महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय अंब की आधिकारिक वेबसाइट पर अज्ञात साइबर अपराधियों ने हमला कर अनधिकृत सामग्री के साथ-साथ सट्टेबाजी व कैसीनो से जुड़े संदिग्ध लिंक अपलोड कर दिए हैं। मामला संज्ञान में आते ही महाविद्यालय प्रशासन तुरंत हरकत में आया और सुरक्षा के मद्देनजर छात्रों, अभिभावकों व कर्मचारियों के लिए एडवाइजरी की है।

कॉलेज प्रशासन ने सभी हितधारकों से अपील की है कि जब तक वेबसाइट को पूरी तरह सुरक्षित और बहाल नहीं कर लिया जाता, तब तक इसका उपयोग न करें। हिदायत दी है कि कोई भी व्यक्ति प्रवेश, फीस भुगतान, छात्रवृत्ति आवेदन या किसी फार्म को भरने के लिए वेबसाइट का इस्तेमाल न करे।

इसके अलावा, वेबसाइट पर दिख रहे किसी भी संदिग्ध लिंक, विशेषकर सट्टेबाजी व कैसीनो के विज्ञापनों पर क्लिक न करें और न ही अपने बैंक खाते, पासवर्ड या व्यक्तिगत जानकारी को साझा करें।

वर्तमान में वेबसाइट पर प्रदर्शित किसी भी सूचना पर भरोसा न करने की सलाह दी गई है और सभी आधिकारिक जानकारियों की पुष्टि महाविद्यालय के सूचना पट्ट या कार्यालय से करने को कहा गया है।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दर्शन कुमार ने जानकारी दी कि होस्टिंग सेवा प्रदाता के साथ मिलकर साइबर हमले से प्रभावित वेबसाइट को जल्द से जल्द सुरक्षित और बहाल करने का कार्य जारी है।

उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस अवधि के दौरान वेबसाइट या उससे जुड़े किसी लिंक के इस्तेमाल से होने वाले किसी भी प्रकार के वित्तीय या गैर-वित्तीय नुकसान के लिए महाविद्यालय जिम्मेदार नहीं होगा।

किसी भी प्रकार की आपातकालीन जानकारी या पूछताछ के लिए छात्र व अभिभावक सीधे महाविद्यालय कार्यालय के दूरभाष नंबर 01976-260032 या ई-मेल govtcollegeamb@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।