लोअर देहलां के किसान को नहीं मिला बर्बाद फसल का मुआवजा
किसानों को कृषि फसल बीमा योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।
संवाद सहयोगी, मैहतपुर : किसानों को कृषि फसल बीमा योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। फसल का बीमा करवाने के बाद भी किसानों को निराशा ही हाथ लग रही है। ज्यादातर किसान फसल बीमा योजना की जानकारी न होने के कारण बीमा नहीं करवा रहे हैं। जो करवा भी रहे हैं, उनको भी मुआवजा नहीं मिल रहा है।
लोअर देहलां वार्ड छह के किसान देसराज ने बताया उन्होंने पांच कनाल मक्की की फसल का बीमा कराया था। बीमा के नियमों के अनुसार यदि फसल गल जाए या बारिश के कारण बर्बाद हो जाए तो किसान फसल बीमा योजना के लाभ लेने के हकदार होंगे। फसल गिर जाने के बाद ग्राम प्रधान को बताया था। वहीं ग्राम प्रधान ने इसकी रिपोर्ट हलका पटवारी को दर्ज करवाने के लिए कहा था। उन्होंने फसल की बर्बादी के बारे में पटवारी को बता दिया था, साथ ही जिला कृषि विभाग के अधिकारी को भी सूचित कर दिया था लेकिन उनको इसका मुआवजा नहीं मिला, तो उन्होंने फिर कृषि विभाग के अधिकारी से संपर्क किया। कृषि अधिकारी ने कहा कि आपको उस समय बर्बाद फसल की फोटो ¨खचवा लेनी चाहिए थी। अब न तो राजस्व विभाग और न ही कृषि विभाग इसकी जिम्मेदारी ले रहा है। उन्होंने जिलाधीश से मांग की है की उनकी बर्बाद हुई फसल का बीमा दिलवाया जाए। इस बारे में कृषि विभाग जिला ऊना के उपनिदेशक रमेश कपूर ने कहा फसल बीमा वाली टीम ऊना में आ रही है। उनसे बात करने के बाद इसका हल निकाला जाएगा।