विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सेना से रिटायर हुए लेकिन देश सेवा का जज्बा बरकरार, युवाओं को फ्री में प्रशिक्षण दे रहा हिमाचल का जवान

Published: Thu, 29 Oct 2026 11:40 PM (IST)

बड़ूही के सेवानिवृत्त सैनिक श्याम सुंदर दियाड़ा पंचायत के युवाओं को सेना व पुलिस भर्ती के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण दे रहे हैं।

सेना से रिटायर हुए लेकिन देश सेवा का जज्बा आज भी बरकरार।

सेना से रिटायर हुए लेकिन देश सेवा का जज्बा आज भी बरकरार।

HighLights

  1. सेवानिवृत्त सैनिक श्याम सुंदर युवाओं को नि:शुल्क प्रशिक्षण देते हैं

  2. अब तक 14-15 युवा सेना और पुलिस में भर्ती हुए

  3. सुबह पांच बजे से शारीरिक अभ्यास और दौड़ का प्रशिक्षण

संवाद सहयोगी, बड़ूही। सेना से भले ही सेवानिवृत्त हो गए लेकिन देशसेवा का जज्बा आज भी कायम है। दियाड़ा पंचायत के सेवानिवृत्त सैनिक श्याम सुंदर ने युवाओं का भविष्य संवारने का बीड़ा उठाया है।

वह चार-पांच वर्षों से क्षेत्र के युवाओं को सेना और पुलिस भर्ती के लिए निश्शुल्क प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में अब तक 14 से 15 युवा सेना और पुलिस में भर्ती होकर देश और समाज की सेवा कर रहे हैं।

श्याम सुंदर की दिनचर्या सुबह पांच बजे शुरू होती है। वह मैदान में युवाओं को दौड़, शारीरिक अभ्यास और भर्ती के लिए जरूरी फिटनेस का प्रशिक्षण देते हैं। दियाड़ा पंचायत के साथ आसपास के गांवों के युवा भी उनसे प्रशिक्षण लेने पहुंचते हैं। वह कोई शुल्क नहीं लेते, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी भर्ती की तैयारी का अवसर मिलता है।

सेना से सेवानिवृत्ति के बाद श्याम सुंदर पंचायत में पंच के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। अब युवाओं को सही दिशा दिखाकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका मानना है कि उचित मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास से युवा लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।

श्याम सुंदर ने कहा कि सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी देश और समाज की सेवा का भाव पहले जैसा है। अगर मेरे प्रशिक्षण से किसी गरीब परिवार का बच्चा सेना या पुलिस में भर्ती होकर अपने परिवार का सहारा बनता है, तो इससे बड़ी कमाई मेरे लिए कोई नहीं है।