ऊना में रोपे जाएंगे साढ़े चार लाख पौधे
जागरण संवाददाता ऊना जिले में वन विभाग ने इस बार भी बड़े स्तर पर पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारि
जागरण संवाददाता, ऊना : जिले में वन विभाग ने इस बार भी बड़े स्तर पर पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें जनसहभागिता को भी सुनिश्चित किया जा रहा है। इस बार जिलेमें 389 हेक्टेयर भूमि पर 4.50 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इस अभियान की शुरुआत कर दी गई है। इस बार पौधारोपण में मुख्य रूप से आंवला, हरड़, भेड़ा, खैर, शीशम, नीम, बांस, तूणी, दरेक तथा आम के पौधे रोपे जा रहे हैं।
वन मंडल अधिकारी मृत्युंजय माधव के मुताबिक पौधारोपण अभियान की सफलता में वन विभाग जन सहभागिता को आवश्यक मानता है। लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करने तथा उन्हें पौधारोपण के लिए प्रेरित करने के लिए विभाग इस वर्ष भी वन महोत्सव मना रहा है। योजना के अंतर्गत इस वर्ष पांच हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण किया जाएगा, जबकि पिछले वर्ष स्कूली विद्यार्थियों ने चार हेक्टयेर भूमि पर पौधे रोपे थे।
वन मंडल अधिकारी ने बताया कि वन और पर्यावरण संरक्षण में विद्यार्थियों को उनकी भूमिका के बारे में शिक्षित करने तथा उन्हें जागरूक बनाने के लिए यह योजना आरंभ की गई है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सक्रिय जन सहयोग के माध्यम से जिला का वन क्षेत्र बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बरसात के मौसम में लगाए जाने वाले पौधों की जीवन दर अधिक होती है। विभाग अपनी योजनाओं को बेहतर ढंग से क्रियान्वित कर रहा है, ताकि हमारी अमूल्य वन संपदा सुरक्षित रखी जा सके। इससे पर्यावरण को स्वच्छ बनाने में मदद मिलती है। यदि हमारे वन आज सुरक्षित रहेंगे, तभी हमारा भविष्य भी सुरक्षित रहेगा।