संस्थागत क्वारंटाइन किए ट्रेन से आए सभी यात्री
जागरण संवाददाता ऊना। गुजरात के अहमदाबाद से हिमाचल पहुंचे सभी यात्रियों को संस्थानागत क्वारंटाइन किया जाएगा। ऊना के भी 47 लोगों को क्वारंटाइन किया जाएगा और उनके पांचवे रोज सैंपल लिए जाएंगे।
जागरण संवाददाता, ऊना : गुजरात के अहमदाबाद से हिमाचल पहुंचे सभी यात्रियों को संस्थागत क्वारंटाइन किया जाएगा। ऊना के भी 47 लोग क्वारंटाइन किए गए हैं। उनके पांचवें दिन सैंपल लिए जाएंगे। इसकी पुष्टि सीएमओ डॉ. रमन शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि ऐसी ही प्रक्रिया सभी जिलों में पूरी की जा रही है। जिलों से संबंधित यात्रियों को बसों के माध्यम से उनके गंतव्यों की ओर भेज दिया गया।
रविवार को गुजरात से पहुंची रेलगाड़ी से सभी यात्रियों को जिलावार उतारा गया। प्लेटफॉर्म से बाहर निकलने के लिए ने दो रास्ते बनाए थे। सबसे पहले कांगड़ा के यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर उतारने के बाद उन्हें सैनिटाइज किया। इसके बाद हेल्थ डेस्क पर थर्मल स्क्रीनिग की गई और उनसे फ्लू जैसे लक्षणों के बारे में जानकारी हासिल की गई। स्टेशन से बाहर निकलने से पहले सभी यात्रियों को खाने-पीने की सामग्री, पानी की बोतलें व सैनिटाइजर प्रदान किए। इसके बाद एचआरटीसी की बसों में बिठाकर रवाना किया गया। इस दौरान यात्रियों ने शारीरिक दूरी के नियम का पालन किया। इससे पहले बारी-बारी से सभी जिलों के यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर उतारा गया। हर जिले के यात्रियों को उतारने के बाद प्लेटफार्म को सैनिटाइज किया जाता रहा। अहमदाबाद से शनिवार पांच बजे चली ट्रेन का ऊना पहुंचने का समय रविवार दोपहर 1.30 बजे निश्चित था, लेकिन वह करीब दो घंटे देरी से पहुंची। इस दौरान एसपी कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन, एडीसी अरिदम चौधरी, एएसपी विनोद धीमान, सीएमओ डा. रमन शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. निखिल शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
राधा स्वामी सत्संग ब्यास ने किया खाने का इंतजाम
उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि यात्रियों व ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के लिए 1100 खाने के पैकेट बनाए गए थे और खाने की व्यवस्था राधा स्वामी सत्संग घर भदसाली ने की थी। करीब 50 स्वयंसेवकों ने खाना बनाने से लेकर पैकिग तक का बंदोबस्त किया था। ऊना में 30 जून तक बढ़ाई धारा 144
जिला दंडाधिकारी ऊना संदीप कुमार ने धारा 144 को 30 जून तक बढ़ाने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार से प्राप्त हुए दिशा-निर्देशों के अनुरूप धारा 144 को आगे बढ़ाया जा रहा है। यह आदेश 24 मई से लागू होंगे। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
---------------- उप्र जाने के लिए 202 मजदूरों को कालका पहुंचाया
कोरोना संकट के बीच ऊना से 202 प्रवासी मजदूरों को कालका पहुंचाया गया। वहां से उन्हें उप्र के बरेली व हरदोई जाने वाली विशेष श्रमिक ट्रेनों के माध्यम से भेजा जा रहा है। उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि आठ बसों के माध्यम से 202 प्रवासियों को ऊना से कालका भेजा गया।