शादी के नाम पर महिला को मिला धोखा
वेलेंटाइन डे पर अपने प्रेमी से चितपूर्णी मिलने पहुंची एक महिला से उसका प्रेमी सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया।
संवाद सहयोगी, चितपूर्णी : वेलेंटाइन डे पर अपने प्रेमी से चितपूर्णी मिलने पहुंची एक महिला से उसका प्रेमी सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हैरानी की बात यह है कि महिला को अपने प्रेमी के बारे में अधिकारी जानकारी नहीं है।
पुलिस के मुताबिक करीब पचास वर्षीय महिला पंजाब के लुधियाना की रहने वाली है। कुछ दिन पहले एक समाचार पत्र में एक व्यक्ति ने शादी के संबंध में विज्ञापन दिया था। उक्त महिला जोकि तलाकशुदा है, ने उस विज्ञापन में बताए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो दोनों में बातचीत शुरू हो गई। इसके बाद दोस्ती प्यार में बदल गई। उसका प्रेमी महिला के घर पर भी आने लगा। इसी बीच महिला ने दबाव बनाया कि वो उसके साथ शादी करे। इसके लिए दोनों ने वेलेंटाइन का दिन चुना और यह सहमति बनी कि वो चितपूर्णी में शादी कर लेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार दोनों चितपूर्णी में शुक्रवार को पहुंच गए। वहां उन्होंने होटल में कमरा ले लिया। इसी बीच प्रेमी ने बहाना बनाया कि वे शादी अगले दिन यानी शनिवार को करेंगे लेकिन शनिवार सुबह जब महिला की नींद खुली तो कमरे से प्रेमी गायब था। महिला का आरोप है कि प्रेमी उसके सोने के आभूषण व मोबाइल सेट भी ले गया है। महिला के अनुसार प्रेमी हिमाचल के कांगड़ा का रहने वाला है लेकिन न तो उसके घर का पता मालूम है और न उसका ही मोबाइल नंबर याद है। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति भी महिला का हमउम्र है। उधर चितपूर्णी पुलिस के एएसआइ बचित्र सिंह बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी लेकिन जिस होटल में दोनों ठहरे थे, वह होटल देहरा थाना में पड़ता है। मामले की सूचना देहरा थाना को दी गई है।