Coronavirus: सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर बस से अम्ब पहुंचाए नौ देशों के 20 पर्यटक
Coronavirus. कोरोना वायरस के खिलाफ सतर्कता बरतते हुए हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों के आने पर रोक लगाई गई है। इसके बावजूद पर्यटक हिमाचल में प्रवेश कर गए।
जेएनएन, ऊना। Coronavirus. विदेशी पर्यटकों से भरी निजी कंपनी की एक लग्जरी बस शुक्रवार को ऊना जिला के अम्ब तक पहुंच गई। इसमें नौ देशों के 20 लोग सवार थे। अम्ब से इस बस में सवार पर्यटकों को किसी अन्य वाहन से धर्मशाला भेजने की तैयारी चल रही थी कि बात पुलिस तक पहुंच गई। पुलिस ने मामले की तहकीकात की तो पता चला कि निजी कंपनी की बस को इन पर्यटकों ने किराये पर लिया था।
पर्यटक उत्तराखंड के ऋषिकेश से धर्मशाला आ रहे थे। ऊना जिले की सीमाओं पर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इसके बावजूद चालक ने सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर बस को अम्ब तक पहुंचा दिया। इस बस को कहां से हिमाचल में प्रवेश करवाया गया, इसकी छानबीन पुलिस ने शुरू कर दी है। कोरोना वायरस के खिलाफ सतर्कता बरतते हुए हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों के आने पर रोक लगाई गई है। इसके बावजूद पर्यटक हिमाचल में प्रवेश कर गए।
सुरक्षा में यह चूक कहां से हुई, इसे लेकर पुलिस प्रशासन भी सख्त हो गया है। फिलहाल अम्ब में इन विदेशी नागरिकों से पूछताछ की गई। धर्मशाला की निजी ट्रेवल एजेंसी की बस के स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है। इस मामले मे जिन लोगों से भी चूक हुई है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। बताया जा रहा है कि इस बस में सवार विदेशी पर्यटक करीब तीन महीने पहले ही भारत के भ्रमण पर पहुंचे थे। इनमें इटली, इजराइल, यूएसए, जापान, रोमानिया, लिथुआनिया, रूस, जर्मनी व पुर्तगाल के नागरिक शामिल हैं। यह मामला सामने आने के बाद ऊना जिले की तमाम सीमाओं पर और सख्ती कर दी गई है। जिले की सीमाओं पर पुलिस की निगरानी बढ़ाकर पर्यटकों के प्रदेश में प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है।
कोरोना वायरस के खतरे से निपटने के लिए हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों के आने पर रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी किए हैं। पंजाब में कोरोना वायरस से मौत के बाद हिमाचल में 19 मार्च को दोपहर बाद चार बजे से देश-विदेश के पर्यटकों के आने पर रोक लगा दी गई है। प्रदेश की अन्य राज्यों के साथ लगती सीमाओं को सील कर चौकसी बढ़ा दी गई है।