संतोषगढ़ स्वास्थ्य केंद्र को जल्द मिल सकती है एंबुलेंस
कस्बे के स्वास्थ्य केंद्र को जल्द ही नई एम्बुलेंस मिल सकती है।
संवाद सहयोगी, संतोषगढ़ : कस्बे के स्वास्थ्य केंद्र को जल्द ही नई एंबुलेंस मिल सकती है। इसके लिए क्षेत्र के कई समाजसेवक आगे आए हैं। 'दैनिक जागरण' में प्रकाशित समाचार पर संज्ञान लेते हुए कई समाजसेवक एंबुलेंस के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने के लिए राजी हो गए हैं। गौर रहे कि संतोषगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं पर 'दैनिक जागरण' ने समाचार प्रकाशित किया था। इसमें बताया गया था कि एंबुलेंस न होने से लोगों को किस प्रकार से परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यहां तक कि कई रोगियों को निजी वाहनों से ही बड़े अस्पतालों में पहुंचाना पड़ता है। ऐसे में गरीब लोगों को सबसे अधिक परेशानी थी। आपात समय में एंबुलेंस उपलब्ध न होने से मरीज को बड़े अस्पताल तक पहुंचने में लोग असमर्थ हो रहे थे।
वहीं सीएमओ ने संतोषगढ़ में एंबुलेंस के लिए फंड न होना प्रमुख कारण माना था। उन्होंने किसी संस्था से यह कार्य करने की अपील की थी। उसके बाद कई समाज समाजसेवी अस्पताल के लिए एंबुलेंस मुहैया करवाने के लिए आगे आए हैं। उन्होंने इसके लिए पर्याप्त योगदान देने की इच्छा जताई है। अब हर कोई अपना कर्तव्य समझ कर इसमें योगदान देना चाहता है। ऐसे में अब जो माहौल बन रहा है उससे लगता है कि संतोषगढ़ स्वास्थ्य केंद्र को जल्द ही एंबुलेंस मुहैया हो जाएगी।