महागठबंधन एक बेमेल पार्टियों का मिलावटी बंधन है : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत बनेहड़ा अम्ब बसाल सलोह और सनोली में जनसभाओं को संबोधित किया।
अम्ब/हरोली/ऊना, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि देश में भाजपा की सरकार बनेगी और सतपाल सत्ती के नेतृत्व में प्रदेश की चारों सीटों पर जीत मिलेगी। ऊना जिले से वर्ष 2014 को सदर क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार को रिकार्ड बढ़त मिली थी और उम्मीद है आने वाले चुनाव में भी यह बरकरार रहेगी। हरोली में तख्ता पलट चुका है और हुजूम ने बता दिया है कि मुकेश अग्निहोत्री का झूठ लोग पकड़ चुके हैं। जुगाड़ तंत्र से सियासत बहुत दिन तक नहीं चल सकती। उन्होंने मुकेश अग्निहोत्री पर चुटकी लेते हुए कहा कि जमाई को बर्दाश्त करते हैं लेकिन उसकी भी कोई सीमा होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार है और केंद्र में पुन: नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को ही सत्ता में लाना होगा ताकि देश व प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार से विकास को नई गति दी जा सके। मुख्यमंत्री ने सोमवार को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत बनेहड़ा, अम्ब, बसाल, सलोह और सनोली में जनसभाओं को संबोधित किया। कहा ऊना जिले के कांग्रेस के तथाकथित बड़े नेता बड़ी-बड़ी बातें करते हैं लेकिन जब लोकसभा का चुनाव लड़ने की बात आई तो वे चुनावी मैदान में खुद आने के बजाय रामलाल ठाकुर को धकेल दिया क्योंकि वे जानते थे कि मोदी नाम की सुनामी के सामने वे कहीं टिक नहीं पाएंगे। हरोली विधानसभा क्षेत्र के विधायक विकास की बड़ी-बड़ी ढींगें मारते हैं लेकिन वास्तविकता यह है कि क्षेत्र में करोड़ों रुपये के प्रोजेक्टों का प्रयोग ही नहीं हो रहा, क्योंकि उन्हें केवल राजनीतिक हित साधने के लिए ही पूरा किया गया था। अब वे बेकार पड़े हैं।
मोदी सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में देश की जनता के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू की जिससे समाज के हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। आयुष्मान भारत योजना से देश के 50 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त करवाने की सुविधा मिली, वहीं उज्ज्वला योजना के तहत देश के लगभग सभी रसोईघरों को धुंआ मुक्त किया जा चुका है।
महागठबंधन बेमेल पार्टियों का मिलावटी बंधन जयराम ने कहा महागठबंधन एक बेमेल पार्टियों का मिलावटी बंधन है जो नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोकना चाहता है। इस गठबंधन में लगभग एक दर्जन नेता प्रधानमंत्री बनने की हसरत पाले हुए हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को तो देशवासी गंभीरता से लेते ही नहीं हैं, क्योंकि वे खुद ही नहीं जानते कि वे क्या कह जाते हैं। विश्व के जो नेता कभी भारत के नेताओं को देखकर मुंह मोड़ लेते थे, आज नरेंद्र मोदी से बात करने के लिए तरसते हैं, उनकी बात सुनना चाहते हैं। दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी के एक ऐसे नेता हैं जिनकी बात खुद उनके नेताओं को भी समझ नहीं आती है। अब देश कांग्रेसमुक्त होने के साथ-साथ गांधी परिवार से भी मुक्त हो जाएगा। कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीति में लाकर अपना आखिरी दांव भी खेल लिया है।
विकास को देंगे गति जयराम ठाकुर ने कहा वर्तमान प्रदेश सरकार ने सत्ता संभालते ही जनता के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। आचार संहिता के बाद प्रदेश सरकार विकास की गति को और तेज करेगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर को भारी मतों से विजयी बनाएं। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती, प्रदेश भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय, कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर, वरिष्ठ भाजपा नेता रामकुमार व अन्य नेता उपस्थित थे।
अपनी कुर्सी की चिंता करें मुकेश मुख्यमंत्री ने ऊना विधानसभा क्षेत्र के तहत सनोली माजरा में भी चुनावी जनसभा को संबोधित किया। नेता प्रतिपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि अग्निहोत्री कहते हैं कि जयराम को राहुल गांधी के खिलाफ बोलने का कोई अधिकार नहीं। भारत एक स्वतंत्र देश है और यहां हर किसी को अपनी बात बोलने का संवैधानिक हक है। अगर मुकेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बोल सकते हैं तो उन्हें भी राहुल गांधी के खिलाफ बोलने का पूरा हक है। कांग्रेस पार्टी में आजकल जिस तरह से ऊपर से लेकर नीचे तक अदला-बदली का माहौल चला हुआ है, कहीं चुनाव के बाद ऐसा न हो कि अग्निहोत्री को प्रतिपक्ष की नेता की कुर्सी से हाथ धोना पड़े। इसलिए दूसरों के बारे में बोलने से पहले अपनी कुर्सी की चिंता करें।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप