तीन चिताएं एकसाथ जलीं, रोया अंदौरा गांव
रविवार सुबह उपमंडल के लोअर अंदौरा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ था।
संवाद सहयोगी, अम्ब : रविवार सुबह उपमंडल के लोअर अंदौरा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ था। सड़क दुर्घटना में गांव की तीन महिलाओं की मौत के बाद हर गांववासी आहत और गमगीन था। गांव के कुछ लोग अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे तो कोई परिजनों को ढांढस बंधा रहा था। बावजूद इसके जब तीन अर्थियां इन घरों से एकसाथ उठीं तो हर कोई सिसक उठा। शनिवार को लोअर अंदौरा और बदाऊं गांव के लोग टेंपो ट्रेवलर में डेरा ब्यास स्थित डेरे में गुरु के दर्शन करने जा रहे थे। जालंधर के पास वाहन के अनियंत्रित होने से चार लोगों की मृत्यु हो गई। इनमें से तीन महिलाएं विमला देवी, भगवती देवी, सोना देवी अंदौरा लोअर गांव की थीं। इन महिलाओं के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में डेरा ब्यास के अनुयायी पहुंचे हुए थे। गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर और पूर्व विधायक राकेश कालिया भी अंतिम संस्कार में पहुंचे हुए थे। इस हादसे में घायल पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पंचायत प्रधान सुनील कुमार ने कहा यह हादसा हर गांववासी को झकझोर गया है। घायलों के उपचार के लिए डेरा ब्यास का प्रबंधन आगे आया है।