राहुल माफी मांगने का रिकॉर्ड बना लेंगे : अनुराग
भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा राहुल गांधी माफी मांगने का रिकॉर्ड तोड़ने में लगे हुए हैं।
संवाद सहयोगी, गगरेट : भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा राहुल गांधी माफी मांगने का रिकॉर्ड तोड़ने में लगे हुए हैं। 1984 के सिख दंगों पर ओवरसीज कांग्रेस अध्यक्ष सैम पित्रोदा के विवादित बयान के लिए राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। शनिवार को गगरेट विधानसभा क्षेत्र के तहत पड़ते विभिन्न गांवों में नुक्कड सभाओं के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा झूठ, विवाद और दंगों का कांग्रेस पार्टी से चोली दामन का साथ है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष देश ही नहीं बल्कि विदेशों में झूठ बोलने का रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। जल्द ही वो माफी मांगने का विश्व रिकॉर्ड बना डालेंगे। सब जानते हैं कि सिख दंगों में कांग्रेसी नेताओं ने कितनी सक्रिय भूमिका निभाई थी। कांग्रेस पार्टी ने उन नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय उनको संरक्षण देने का काम किया है।