राहुल की रैली के लिए वीरभद्र ने की मंत्रणा
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की 10 मई को ऊना में प्रस्तावित रैली को अंतिम रूप देने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मंगलवार को ऊना पहुंचे।
जागरण संवाददाता, ऊना : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की 10 मई को ऊना में प्रस्तावित रैली को अंतिम रूप देने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मंगलवार को ऊना पहुंचे। एक निजी होटल में हुई बैठक की अध्यक्षता पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने की। जबकि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर, सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू, विधायक सतपाल रायजादा, जिलाध्यक्ष राजेश पराशर, पूर्व विधायक सुशील रतन, कुलदीप पठानिया, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी व सचिव विवेक शर्मा मौजूद रहे। रैली को सफल बनाने के लिए करीब एक घंटे तक मंत्रणा की गई।
अग्निहोत्री ने कहा कि रैली में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेस के विधायक, पूर्व विधायक अपने-अपने स्तर पर भारी संख्या में कार्यकर्ताओं को लेकर ऊना पहुंचेंगे। रैली की जिम्मेदारी सह-प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली व ऊना में उनके साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश पराशर को दी गई है। करीब 22 हजार कार्यकर्ताओं के यहां पहुंचने की उम्मीद है। राजेश पराशर राजू ने बताया कि रैली स्थल पर 15 हजार से अधिक कुर्सियां पंडाल में लगाई जाएंगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप