प्रदेश कांग्रेस सेवा दल ने निकाली तिरंगा यात्रा
प्रदेश कांग्रेस सेवा दल ने सोमवार को अम्ब में तिरंगा यात्रा निकाली।
संवाद सहयोगी, अम्ब : प्रदेश कांग्रेस सेवा दल ने सोमवार को अम्ब में तिरंगा यात्रा निकाली। अध्यक्षता सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने की। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री भी इस यात्रा में मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा अम्ब के ऊना रोड स्थित आंबेडकर भवन के समाने से शुरू हुई। अम्ब चौक से होते हुए अम्ब कॉलेज से वापस अम्ब रोड स्थित सभा स्थल पर पहुंची। अनुराग शर्मा ने कहा कि सेवादल द्वारा प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्रों में तिरंगा यात्राएं करने का कार्यक्रम बनाया था। सोलन, मंडी और कांगड़ा में तिरंगा यात्राएं पहले ही की जा चुकी हैं। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र ही बचा था। सोमवार को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत अम्ब में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई है। इसका मुख्य मकसद जहां कांग्रेस की विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाना है, वहीं सेवा दल के कार्यकर्ता मोदी सरकार की पांच साल की नाकामियों को भी लोगों तक पहुंचाएंगे। अनुराग शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश को धर्म जाति के नाम पर बांटने के लिए कट्टरपंथी विचारधारा को बढ़ाने का काम किया है। मोदी सरकार के राज में देश में डर का माहौल बना रहा। इस बार के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सेवादल अहम भूमिका निभाने वाला है। इस मौके पर महिला कांग्रेस सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति खन्ना, यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष सुदर्शन सिंह बबलू, जिला अध्यक्ष राजपाल शर्मा सहित हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस सेवादल के जिला व ब्लॉकों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप