भक्ति के बिना दुखों से छुटकारा संभव नहीं
अजनोली के एकादश रुद्र महादेव मंदिर में चल रही श्रीराम कथा का रविवार को समापन हो गया।
संवाद सहयोगी, ऊना : अजनोली के एकादश रुद्र महादेव मंदिर में चल रही श्रीराम कथा का रविवार को समापन हो गया। कथावाचक अतुल कृष्ण महाराज ने श्रद्धालुओं को अंतिम दिन कई वृतांत सुनाए तथा प्रभु श्रीराम की भक्ति से जोड़ा। कहा प्रभु के भजन के बिना दुखों से छुटकारा नहीं मिलता। जो भगवान से विमुख होते हैं वे अपने शरीर एवं संबंधियों को ही सबकुछ मान बैठते हैं। इसी सोच के कारण जीवन भर अशांत रहते हैं। ऐसे लोग अज्ञान को ही ज्ञान मानकर अभिमान करते हैं। इन क्षुद्र विचारों से जीव को कभी संतोष एवं तृप्ति नहीं मिल सकती। कल्पना में जीने वालों के मनोरथ रेत के महल की तरह धराशायी हो जाते हैं। परमार्थ को न जानने वाले अंत में अपना सब किया-कराया यहीं छोड़कर वहां जाने के लिए विवश होते हैं जहां के बारे में उन्हें कुछ भी पता नहीं। जो ईश्वर का भजन करते हैं, उन्हें संसार में किसी भी वस्तु की कमी नहीं रह जाती। सुख एवं दुख देने वाला कोई दूसरा नहीं अपितु अपना भ्रम ही इसका अनुभव कराता रहता है।