स्वस्थ जीवन के लिए योग जरूरी : डॉ. सैजल
जिला मुख्यालय सोलन के पुलिस ग्राउंड में शुक्रवार को पांचवा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया।
संवाद सहयोगी, सोलन : जिला मुख्यालय सोलन के पुलिस ग्राउंड में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इसका शुभारंभ सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने किया। डॉ. सैजल ने कहा कि योग से शरीर, मन व आत्मा मिलती है। स्वस्थ जीवन के लिए योग बहुत जरूरी है। योग से हम कई बीमारियों को भगाकर अच्छा जीवन जी सकते हैं। इससे पहले डॉ. अरविद गुप्ता ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। महंत योगी सूरज नाथ व जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. राजेंद्र शर्मा ने योग के बारे में बताया। महंत योगी सूरज नाथ, योग भारती के राष्ट्रीय संयोजक श्रीनिवास मूर्ति, डॉ. मंजेश शर्मा, डॉ. अनिता गौतम, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. अरविद गुप्ता ने योग करवाया। जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं के अलावा शूलिनी विवि, सोलन होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के प्रशिक्षुओं सहित अन्य लोगों ने भी योग किया। इस मौके उपायुक्त विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा व अन्य मौजूद रहे।
उधर, पर्यटन नगरी कसौली में भी योग दिवस मनाया गया। आर्मी मैदान में सैन्य अधिकारियों, जवानों ने योग कार्यक्रम में भाग लिया। कसौली छावनी प्रशासन ने भी गांधी मैदान में योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें शहर के जनप्रतिनिधियों सहित अन्य लोगों ने भाग लिया। सीनियर सेकेंडरी स्कूल कसौली, हाई स्कूल गनोल में भी विद्यार्थियों ने योग किया। जिला मुख्यालय सहित कसौली, गढ़खल, मध्याणा, धर्मपुर, परवाणू, बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़, कोटबेजा, पट्टा महलोग, चंडी, कुठाड, कुनिहार, अर्की, सुबाथू, दाड़लाघाट, देवठी, कंडाघाट, चायल, नौणी, औच्छघाट, कुमारहटटी, डगशाई व बडोग आदि क्षेत्रों में भी विश्व योग दिवस मनाया गया।