आठ साल बाद भी नहीं मिली ईएसआई की सुविधा
संवाद सूत्र, नालागढ़ : बद्दी-नालागढ़ राष्ट्रीय मार्ग पर खरूणी स्थित एक फार्मा कंपनी आठ वर्षो स
संवाद सूत्र, नालागढ़ : बद्दी-नालागढ़ राष्ट्रीय मार्ग पर खरूणी स्थित एक फार्मा कंपनी आठ वर्षो से संचालित है, लेकिन अभी तक इसके कामगार ईएसआई सुविधा से नहीं जुड़ पाए हैं। हैरानी की बात है कि बद्दी में कर्मचारी राज्य बीमा निगम का क्षेत्रीय कार्यालय है। इसके बावजूद निगम के अधिकारियों ने कभी इस ओर ध्यान नहीं दिया। इससे यहां कार्य करने वाले 150 कर्मचारियों को सरकारी सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। निगम के किसी भी अधिकारी ने कंपनी में दस्तक देने की हिम्मत नहीं की है।
बताया जा रहा है कि निगम का कोई भी अधिकारी यहां पर जाने से कतरा रहा है। कामगारों ने बताया कि वह कई वर्षो से यहां पर कार्य करते हैं, लेकिन उन्हे ईएसआई की सुविधा नहीं मिल रही है। अगर कोई कामगार मुंह खोलता है तो उसकी आवाज को दबा दिया जाता है। हिंद मजदूर सभा के प्रदेश अध्यक्ष मेला राम चंदेल, एटक का जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा, इंटक के जिला अध्यक्ष मेहलू मेहता ने कर्मचारी बीमा निगम के क्षेत्रीय निदेशक से मांग की है कि जल्द ही इस कंपनी का रिकॉर्ड खंगाला जाए और कामगारों को निगम की ओर से मिलने वाली सुविधाओं से जोड़ा जाए, अगर निगम ऐसा नहीं करता है तो उन्हे आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
उधर, कर्मचारी राज्य बीमा निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक जोशी ने बताया कि उन्हे अभी तक इस कंपनी के बारे में किसी भी मजदूर नेता की शिकायत नहीं आई है, अगर कोई शिकायत उन्हे मिलती है तो उसकी सूचना वह निगम की मुख्यालय दिल्ली के अधिकारियों को देंगे। वहां से कार्रवाई करने के निर्देश लिए जाएंगे।