लोकसभा चुनाव में फिर कांग्रेस को नकारेगी जनता : रावत
सोलन में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में पत्रकारों से बातचीत में तीरथ सिंह रावत ने कहा लोकसभा चुनाव केंद्र की नीतियों के आधार पर लड़ा जाएगा।
सोलन, जेएनएन। हिमाचल भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी एवं उत्तराखंड भाजपा के मुखिया तीरथ सिंह रावत ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस विधानसभा चुनाव हारी है, अब लोकसभा चुनाव में भी प्रदेश की जनता कांग्रेस को नकारेगी। हिमाचल में भाजपा टीम 'प्रदेश में 2014 दोहराएंगे व 53 फीसद वोट को बढ़ाएंगे' नारे क साथ काम कर रही है। उन्होंने वीरवार को सोलन में भाजपा पदाधिकारियों से बैठक की और आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। बाद में पत्रकारों से बातचीत में तीरथ सिंह रावत ने कहा कि लोकसभा चुनाव केंद्र की नीतियों के आधार पर लड़ा जाएगा।
हिमाचल में अब सड़कों का जाल बिछा है। हर नागरिक को केंद्र की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है। हिमाचल में एम्स बनाया जा रहा है। केंद्र सरकार के बजट में हर वर्ग का ख्याल रखा गया है और जरूरत से अधिक लाभ जरूरत मंद लोगों तक पहुंचाया गया है। तीरथ सिंह रावत ने बताया कि शुक्रवार को प्रदेश में प्रदेश के पदाधिकारियों से बैठक कर आगामी रणनीति तैयार करेंगे। प्रदेश के चारों लोकसभा क्षेत्रों में पन्ना प्रमुख सम्मेलन करवाए जा रहे हैं। इनमें आने वाले पन्ना प्रमुख केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर एक एक वोटर तक पहुंचेंगे। इस मौके पर भाजपा नेता राजेश कश्यप, पवन गुप्ता, जिला अध्यक्ष केएल ठाकुर, शीला कुमारी, रतन पाल, दीपक शर्मा, बलबीर ठाकुर सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
वातावरण खराब न करें
हिमाचल प्रदेश में चारों सीटों पर भाजपा के सांसद हैं। प्रदेश में कौन चुनाव लड़ेगा इसका फैसला संसदीय बोर्ड करेगा। चुनाव लड़ने का दावा करने वाले लोग प्रदेश में वातावरण खराब कर रहे हैं। दावा करना ही अंतिम फैसला नहीं बल्कि संसदीय बोर्ड का फैसला सर्वोच्च होगा। यह बात उन्होंने मंडी लोकसभा सीट के सिलसिले में कही।